देवघर केकेएन स्टेडियम में जिला ओलंपिक संघ के कार्यालय का डॉ. सुनील खवाड़े ने उद्घाटन किया। इससे खेलों को बढ़ावा मिलेगा और फर्जी खेल संघों पर शिकंजा कसेगा।

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

शहर के ऐतिहासिक केकेएन स्टेडियम में गुरुवार को जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. सुनील खवाड़े ने ओलंपिक संघ के नए जिला कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया।

उद्घाटन के बाद पत्रकारों व खेल प्रेमियों को संबोधित करते हुए डॉ. खवाड़े ने कहा, "केकेएन स्टेडियम में कार्यालय खुलने से जिले में खेलों से जुड़ी गतिविधियों को अभूतपूर्व बढ़ावा मिलेगा। मैं खुद नियमित रूप से इस कार्यालय में समय दूंगा और खेल तथा खिलाड़ियों से जुड़ी हर समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करूंगा। जिला ओलंपिक संघ से जो भी अपेक्षाएं हैं, खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए वह हर संभव प्रयास किया जाएगा।

मैदान में पसीना बहाएं खिलाड़ी, संघ देगा पूरा मंच

डॉ. खवाड़े ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ओलंपिक संघ खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के लिए एक सुदृढ़ मंच प्रदान करता है, लेकिन खिलाड़ियों को अपनी मंजिल पाने के लिए मैदान में जी-तोड़ मेहनत और पसीना बहाना होगा। केकेएन स्टेडियम में कार्यालय होने से खेल संघों और खिलाड़ियों के साथ बैठकें आयोजित करने तथा योजनाएं बनाने में काफी सहूलियत होगी।

फर्जी खेल संघों पर कसेगा शिकंजा: आशीष झा

इस अवसर पर जिला खेल प्राधिकरण के सचिव आशीष झा ने बताया कि जिले में वर्तमान में 24 खेल संघ ओलंपिक एसोसिएशन से मान्यता प्राप्त हैं। कार्यालय खुलने से इन सभी संघों के पदाधिकारी और खिलाड़ी अपनी गतिविधियों के संचालन के लिए आसानी से संपर्क कर सकेंगे।

उन्होंने एक महत्वपूर्ण बिंदु पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कई फर्जी खेल संघ बच्चों को नेशनल खिलाने का झांसा देकर उनसे पैसों की उगाही करते हैं। अब संघ का आधिकारिक कार्यालय खुलने से ऐसे फर्जी खेल संघों पर लगाम लगेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि झारखंड सरकार के ओलंपिक विभाग की वेबसाइट पर जाकर कोई भी आसानी से मान्यता प्राप्त खेल संघों की सूची देख सकता है।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

कार्यालय उद्घाटन के इस अवसर पर ओलंपिक संघ के रितेश केसरी, लालू बरनवाल, परमेश राव, कबड्डी के इंटरनेशनल ऑफिशियल आलोक सिंह, मनोज पांडेय, दीपक दुबे तथा वेटलिफ्टिंग संघ के सचिव हर्षवर्धन समेत खेल जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

 ................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822