सावन की दूसरी सोमवारी पर जमुई के महादेव सिमरिया स्थित बाबा धनेश्वरनाथ मंदिर में शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। किलोमीटरों पैदल चलकर पहुंचे श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।
सिकंदरा (जमुई): सावन की दूसरी सोमवारी के पावन अवसर पर महादेव सिमरिया स्थित प्रसिद्ध बाबा धनेश्वरनाथ मंदिर में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। तड़के सुबह से ही मंदिर की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कोई जमुई से 13 किलोमीटर पैदल चलकर आया तो कोई सिकंदरा से 10 किलोमीटर की दूरी तय कर बाबा के दरबार पहुंचा। रास्ते भर गुंजायमान ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो गया।
सुबह होते ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं, जिनमें महिला श्रद्धालुओं की संख्या भी उल्लेखनीय रही। भक्तों ने अनुशासित तरीके से कतारबद्ध होकर बाबा धनेश्वरनाथ के शिवलिंग पर जलाभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। पूरे दिन मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का आवागमन जारी रहा।

भीड़ को सुचारू रूप से नियंत्रित करने के लिए मंदिर प्रशासन ने विशेष बैरिकेडिंग कर महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए पृथक कतारों की व्यवस्था की थी। मंदिर समिति के स्वयंसेवक जगह-जगह तैनात रहकर भक्तों की सहायता और कतार नियंत्रण में जुटे रहे। इसके अलावा स्थानीय नागरिकों ने भी सेवा भाव से श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
मंदिर के पुजारी दिबाकर पांडेय ने बताया कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना के लिए अति उत्तम माना गया है। सावन की सोमवारी पर निष्ठा और श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना करने से श्रद्धालुओं को विशेष पुण्य और फल की प्राप्ति होती है।
..................................................................................
Baba Dhaneshwarnath Temple, Mahadev Simariya Jamui, Sawan Doosri Somwari, Sikandra Jamui News, Shiv Bhajan Jalabhishek, Baba Dham Jamui
