बांका जिले में वज्रपात की चपेट में आने से 5 लोगों की मौत और 2 बच्चे झुलसे। चांदन में पेड़ के नीचे खड़ी एक ही परिवार की तीन महिलाओं की गई जान।

 

आमोद कुमार दुबे, बांका।

बांका जिले में मंगलवार शाम हल्की बारिश के दौरान हुए भीषण वज्रपात (आकाशीय बिजली) ने जमकर तबाही मचाई। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हुई वज्रपात की तीन अलग-अलग घटनाओं में 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। एक ही दिन में हुई इन मौतों से जिले के कई गांवों में मातम पसरा हुआ है।

 

पेड़ के नीचे शरण बनी काल, एक ही परिवार की 3 महिलाओं की मौत

सबसे दर्दनाक हादसा चांदन प्रखंड के सुईया थाना अंतर्गत बोंड़ा गांव में हुआ। यहां खेत में धान रोप रही तीन महिलाएं बारिश से बचने के लिए दो बच्चों के साथ पास के एक पेड़ के नीचे खड़ी हो गईं। इसी दौरान कड़क के साथ पेड़ पर वज्रपात हो गया। ग्रामीण सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटोरिया ले गए, जहां डॉक्टरों ने तीनों महिलाओं को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान कुसमी देवी (45, पति शंभू यादव), रिंकू देवी (35, पति टीपन यादव) और रेणु देवी (38, पति राजेंद्र यादव) के रूप में हुई है। तीनों आपस में गोतनी थीं। हादसे में टीपन यादव का पुत्र सौरभ कुमार और स्व. कार्तिक यादव की पुत्री रानी कुमारी गंभीर रूप से झुलस गए। सौरभ की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बांका रेफर किया गया है। घटना की सूचना पाकर विधायक मनोज यादव अस्पताल पहुंचे और घायलों के इलाज का जायजा लिया।

 

अन्य हादसों में वृद्ध और महिला की जान गई

जमदाहा: जमुआ गांव के बहीयार में गाय चराने गए 75 वर्षीय दीपाली यादव की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई।

बौसी: काजी कैरी गांव में खेत में धान रोपते वक्त 50 वर्षीया सूफियाना खातून और सीराय (वार्ड 7) गांव में 70 वर्षीय सुरेश यादव की वज्रपात से मौत हो गई।

 

प्रशासन की अपील

लगातार हो रही घटनाओं के बाद जिला प्रशासन ने आम जनमानस से अपील की है कि बारिश और गर्जन के समय खुले खेतों, मैदानों और विशेषकर पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचें तथा पक्के मकानों में सुरक्षित रहें।

.........................................................................................................

Banka Lightning Death, Banka News, Vajrapat In Bihar, Chandan Banka News, Bausi Lightning News, Bihar Weather News, Banka Crime News