बांका के ऐतिहासिक मंदार पर्वत पर युवती से छेड़खानी और ऑनलाइन ठगी के वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों की पहचान कर ली है। भागलपुर IG के निर्देश पर एसआईटी की छापेमारी जारी। पढ़ें पूरी खबर
आमोद कुमार दुबे, बांका।
बिहार के ऐतिहासिक मंदार पर्वत पर घूमने आई एक युवती के साथ छेड़खानी, गाली-गलौज और ब्लैकमेल कर ऑनलाइन पैसे ठगने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के कई दिन बाद सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। इस मामले में तीन आरोपितों की पहचान कर ली गई है। मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए भागलपुर के पुलिस महानिरीक्षक (IG) विवेक कुमार खुद शुक्रवार को बौंसी थाना पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर अब तक की गई कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए की जा रही छापेमारी की समीक्षा की।
3 जून की है घटना, वीडियो वायरल होने पर हुआ खुलासा
पुलिस अनुसंधान में यह स्पष्ट हो चुका है कि यह पूरी घटना बीते 3 जून 2026 की है, जब पीड़िता अपने दो परिचितों के साथ मंदार पर्वत पर घूमने पहुंची थी। इसी दौरान बाराहाट थाना क्षेत्र के रहने वाले मुख्य आरोपी अब्दुल्ला, नीतीश कुमार राय और विकास कुमार ने युवती का हाथ जबरन पकड़ लिया और उसके साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और पीड़िता के साथी से मुख्य आरोपी अब्दुल्ला के बैंक खाते में 1500 रुपये जबरन ट्रांसफर करवा लिए।
पैसे ऐंठने के बाद भी वीडियो किया वायरल
पुलिस पूछताछ में ब्लैकमेलिंग का एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया है। पीड़िता ने बताया कि 1500 रुपये ऐंठने के बाद भी मनचलों का मन नहीं भरा। आरोपी लगातार फोन और संदेश के जरिए और अधिक रुपयों की मांग कर रहे थे। जब पीड़िता ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो उसे बदनाम करने की नीयत से आरोपियों ने घटना का वीडियो इंटरनेट पर वायरल कर दिया।
जीरो टॉलरेंस मोड में पुलिस, स्पीडी ट्रायल से सजा दिलाने की तैयारी

हाल ही में जमुई और समस्तीपुर में हुई घटनाओं के बाद बिहार पुलिस ऐसे मामलों को लेकर पूरी तरह 'जीरो टॉलरेंस' मोड में काम कर रही है। IG विवेक कुमार के निर्देश पर चिन्हित तीनों नामजद आरोपियों के अलावा वीडियो में दिख रहे अन्य 3-4 अज्ञात युवकों को भी जल्द गिरफ्तार कर स्पीडी ट्रायल के जरिए सख्त सजा दिलाए जाने की बात कही गई है। बौंसी और बाराहाट थाना क्षेत्र के संभावित ठिकानों पर विशेष पुलिस टीम (SIT) लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही, IG ने मंदार पर्वत क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक चाक-चौबंद करने तथा सादे लिबास में पुलिसकर्मियों को गश्त पर तैनात करने का निर्देश दिया है।
इस मामले में बौंसी थाना में कांड संख्या 248/26 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने BNS की धारा 74, 75, 76, 3(5) और IT Act की धारा 66E व 67A के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822