हरियाली तीज पर ठाकुर बांकेबिहारी 17 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के हिंडोले में विराजमान होकर दर्शन देंगे। 10 किलो सोने और 90 किलो चांदी से बने इस झूले का 15 अगस्त 1947 से जुड़ा है ऐतिहासिक इतिहास। पढ़ें पूरी खबर...

 

मथुरा। करोड़ों श्रद्धालुओं के आस्था के केंद्र विश्वप्रसिद्ध ठाकुर बांकेबिहारी महाराज हरियाली तीज के पावन अवसर पर शनिवार को लगभग 17 करोड़ रुपये की लागत से बने अलौकिक स्वर्ण-रजत (सोने-चांदी) के हिंडोले में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे। मंदिर में वर्ष में केवल एक बार हरियाली तीज के दिन ही यह विशेष झूला डाला जाता है।

10 किलो सोना और 90 किलो चांदी का अद्भुत शिल्प

मंदिर के सेवायत हिमांशु गोस्वामी ने बताया कि यह भव्य हिंडोला लगभग 100 किलोग्राम का है, जिसमें 10 किलो सोना और 90 किलो चांदी लगी है। वर्तमान बाजार दर के अनुसार, इसमें लगे सोने की कीमत लगभग 15 करोड़ रुपये से अधिक है, जबकि चांदी का मूल्य करीब 2 करोड़ रुपये बैठता है। इसके अलावा झूले पर की गई सूक्ष्म एवं नक्काशीदार कलाकृति इसे बेजोड़ बनाती है।

15 अगस्त 1947 और स्वतंत्रता दिवस का दुर्लभ संयोग

मंदिर के इतिहास में यह एक अद्भुत और दुर्लभ संयोग है। जिस दिन 15 अगस्त 1947 को देश आजाद हुआ था, ठीक उसी दिन हरियाली तीज थी और बांकेबिहारी जी पहली बार इस स्वर्ण-रजत हिंडोले में विराजमान हुए थे। इससे पूर्व मंदिर में लकड़ी के झूले का प्रयोग होता था। इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) और हरियाली तीज का यह ऐतिहासिक संयोग दोहराया जा रहा है।

वाराणसी के कारीगरों ने 5 साल में बनाया था झूला

इस दिव्य हिंडोले का निर्माण ठाकुरजी के परम भक्त सेठ हरगुलाल बेरीवाला परिवार ने कराया था। झूले के लिए विशेष लकड़ी वाराणसी के समीप कनकपुर के जंगलों से मंगवाई गई थी। वर्ष 1942 में वाराणसी के प्रसिद्ध कारीगर लल्लू को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। 1946 में शुरू हुआ निर्माण कार्य आजादी के समय पूरा हुआ, जिस पर बारीक नक्काशी के बाद सोने-चांदी के पत्रे (परत) चढ़ाए गए थे।

दर्शन का समय 4 घंटे बढ़ा, पार्ट खोलकर रुई में रखा जाता है झूला

हरियाली तीज का उत्सव संपन्न होने के बाद इस झूले के सभी हिस्सों (पार्ट्स) को खोलकर बेहद सुरक्षित तरीके से रुई में लपेटकर रख दिया जाता है, जिसे अगले वर्ष ही निकाला जाता है।

सेवायत हिमांशु गोस्वामी ने बताया कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुगम दर्शन के विशेष इंतजाम किए गए हैं तथा दर्शन का समय भी लगभग 4 घंटे बढ़ा दिया गया है।


..........................................................................................

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822