मुजफ्फरपुर में नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने जा रहे BDO राकेश कुमार की भुरभुरा मोड़ के पास संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मुंह से झाग निकलता देख पत्नी ने साथी शिक्षिका समेत अन्य पर हत्या की आशंका जताई है।
देवघर। गया जी के पूर्व नगर प्रखंड विकास अधिकारी (BDO) देवघर निवासी 52 वर्षीय राकेश कुमार की शुक्रवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह मुजफ्फरपुर में अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने (Joining) के लिए घर से निकले थे। रास्ते में भुरभुरा मोड़ के पास वह सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़े मिले। 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें रात करीब 9 बजे सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल पहुंचाए जाने के दौरान मृतक के मुंह और नाक से झाग निकल रहा था, जिससे जहर दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक राकेश कुमार मूल रूप से देवघर (झारखंड) के मोहनपुर प्रखंड अंतर्गत चलिया गांव के निवासी थे और वर्तमान में देवघर के बिलासी प्रोफेसर कॉलोनी में परिवार के साथ रह रहे थे।
मृतक की पत्नी जूली प्रसाद (जो देवघर नगर थाना क्षेत्र के आरएल सर्राफ स्कूल में शिक्षिका हैं) ने पति की हत्या की साजिश का आरोप लगाया है। उन्होंने अपनी एक साथी शिक्षिका और अन्य लोगों पर हत्या का शक जताया है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
राकेश कुमार का विवादों से भी नाता रहा था। 9 फरवरी 2026 को विजिलेंस (निगरानी अन्वेषण ब्यूरो) ने उन्हें गया नगर BDO रहते हुए 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। यह शिकायत प्रखंड प्रमुख ने दर्ज कराई थी।
जुलाई 2026 में उन्हें अदालत से जमानत मिली थी, जिसके बाद उनका तबादला मुजफ्फरपुर कर दिया गया था।
उनकी गिरफ्तारी के बाद मानपुर BDO वेद प्रकाश को प्रभार दिया गया था और बाद में 22 जुलाई को प्रदीप कुमार चौधरी ने गया नगर BDO का पदभार ग्रहण किया था।
पुलिस फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही मौत के सटीक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822