बेतिया के जीएमसीएच में स्ट्रेचर न मिलने पर एक मां अपनी बेहोश बेटी को कंधे पर लेकर भटकने को मजबूर हुई। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन ने जांच का आश्वासन दिया है।


बेतिया। राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच) बेतिया में एक बार फिर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की लाचारी सामने आई है। चनपटिया प्रखंड के महना गांव निवासी नजीर आलम की पत्नी अपनी 11 वर्षीय बेहोश बेटी सायना खातून को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंची थी, लेकिन परिजनों को स्ट्रेचर तक नसीब नहीं हुआ। लाचार मां अपनी अचेत बेटी को कंधे पर उठाकर डॉक्टर की तलाश में अस्पताल के चक्कर लगाती रही।

 

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसमें महिला बदहवास हालत में अपनी बेटी को कंधे पर लादे इधर-उधर भागती नजर आ रही है। काफी देर तक भटकने के बाद अंततः बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसके बाद उसका इलाज शुरू हो सका।

 

पहले भी उजागर हो चुकी है अव्यवस्था

जीएमसीएच बेतिया में यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी फर्श पर प्रसव और शव को सीढ़ियों से घसीटकर नीचे लाए जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हाल के दिनों में अव्यवस्था की खबरें उजागर करने पर कुछ पत्रकारों के साथ मारपीट किए जाने का मामला भी प्रकाश में आया था।

 

अधीक्षक ने जांच का दिया आश्वासन

मामले पर जीएमसीएच के अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो संज्ञान में आया है। कर्मचारियों की कमी के कारण ऐसी स्थिति उत्पन्न होने की संभावना है। इतनी बड़ी चूक कैसे हुई, इसकी विस्तृत जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

 

.........................................................................................

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822