भागलपुर के नवगछिया में पैसों के विवाद को लेकर चाय दुकानदार रंजन कुमार मंडल और उनकी पत्नी किरण देवी की गोली मारकर हत्या। मुख्य आरोपी गिरफ्तार


भागलपुर / नवगछिया। बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत इस्माईलपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गुरुवार तड़के करीब 4:20 बजे थाना क्षेत्र के हटिया के समीप चाय-नाश्ते की दुकान चलाने वाले एक दंपती की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया है और लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

मृतकों की पहचान रंजन कुमार मंडल और उनकी पत्नी किरण देवी के रूप में हुई है, जो हटिया के पास चाय-नाश्ते की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।

मृतक के पुत्र मदन कुमार ने दर्दनाक दास्तां बयां करते हुए बताया कि उनके माता-पिता अपनी दुकान पर ही सो रहे थे। गुरुवार की सुबह करीब 4:20 बजे बदमाश वहां पहुंचे और रंजन कुमार मंडल को आंख, छाती और पंजराठी में ताबड़तोड़ गोलियां मारकर मौत के घाट उतार दिया। पति को गोली लगते देख जब किरण देवी जान बचाने के लिए चिल्लाते हुए घर की तरफ भागीं, तो बेरहम बदमाशों ने उन्हें करीब 200 मीटर तक खदेड़ा और टावर के पास पकड़कर उनकी भी आंख, छाती और पीठ में गोली मारकर हत्या कर दी। परिजनों के अनुसार, वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश स्मैक के नशे में धुत थे।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया।

ग्रमीणों के आक्रोश और त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी सौरभ कुमार (पिता: ज्योतिष मंडल) को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। नवगछिया के पुलिस अधीक्षक (एसपी) वैभव शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक और आरोपी सौरभ कुमार के बीच कुछ दिनों से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। मुख्य आरोपी को दबोच लिया गया है और दूसरे आरोपी की भी पहचान कर ली गई है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

इस दोहरे हत्याकांड से ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी गुस्सा है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि दो दिन पहले मृतक के भाई चंदन मंडल की ढाई वर्षीय बेटी पल्लवी कुमारी रहस्यमय तरीके से लापता हो गई थी, लेकिन पुलिस अब तक उसका सुराग नहीं ढूंढ पाई है। अब अपराधियों ने सरेआम परिजनों की हत्या कर कानून-व्यवस्था की पोल खोल दी है।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822