लखनऊ के गांधी भवन में भारत सेवक समाज उत्तर प्रदेश का 75वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। पूर्व आईएएस गोपबंधु पटनायक की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में कई गणमान्य हस्तियों को सम्मानित किया गया।
रायबरेली। भारत सेवक समाज, उत्तर प्रदेश का 75वां स्थापना दिवस (हीरक जयंती समारोह) लखनऊ के ऐतिहासिक गांधी भवन में अत्यंत हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक 'सेवागान' के साथ हुई। इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को स्मृति चिन्ह और तिरंगा गमछा देकर सम्मानित किया गया।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए संस्था के उत्तर प्रदेश चेयरमैन एवं सेवा निवृत्त आईएएस अधिकारी गोपबंधु पटनायक ने कहा कि समाज के सभी वर्गों के सामूहिक प्रयासों से ही वास्तविक बदलाव संभव है। उन्होंने उपस्थित प्रबुद्धजनों को संस्था के 75वें स्थापना दिवस की बधाई दी।
कार्यक्रम का संचालन उत्तर प्रदेश भारत सेवक समाज के महामंत्री शरद प्रकाश अग्रवाल ने किया। उन्होंने 1952 में प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की अध्यक्षता और श्री गुलजारीलाल नंदा के पहले चेयरमैन पद के तहत संस्था के गठन से लेकर अब तक की यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि योजना आयोग द्वारा गठित इस गैर-सरकारी और गैर-राजनीतिक संगठन का मुख्य उद्देश्य राष्ट्र निर्माण की योजनाओं के क्रियान्वयन की देखरेख करना और जन-जन तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
युवाओं में मानवीय संवेदनाओं की आवश्यकता पर बल
कार्यक्रम में कान्यकुब्ज महाविद्यालय (KKC) के प्राचार्य डॉ. विनोद चंद्रा ने कहा कि आज का युवा आंदोलन तकनीक की देन है, लेकिन इसमें मानवीय संवेदनाओं की कमी दिखती है। ऐसे कार्यक्रमों से भावी पीढ़ी को सही मार्गदर्शन मिलता है। ऑल इंडिया न्यूजपेपर एसोसिएशन के राष्ट्रीय संरक्षक डॉ. मोहम्मद कामरान ने 'जेन जी' (युवा पीढ़ी) से रचना, निर्माण और सेवा के कार्यों से जुड़ने का आह्वान किया।
संस्था की पूर्व प्रदेश अध्यक्षा श्रीमती आरती बाजपेई ने अपने पिता पूर्व मंत्री स्व. गोपीनाथ दीक्षित के कार्यकाल का स्मरण करते हुए संस्था के पुनः सक्रिय होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। इसके अलावा कॉनफेडरेशन ऑफ सेंट्रल गवर्नमेंट एम्पलाइज के राष्ट्रीय अध्यक्ष शत्रुघ्न बाबू यादव, आयकर कर्मचारी महासंघ के महासचिव रविंद्र सिंह, कांग्रेस नेता तीर्थराज मिश्रा, ट्रेड यूनियन नेता प्रमोद पटेल और माध्यमिक शिक्षक संघ के सर्वेश तिवारी ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
वर्षभर चलेंगे सामाजिक कार्य: ज्ञानी त्रिवेदी
कार्यक्रम के संयोजक एवं प्रदेश सचिव ज्ञानी त्रिवेदी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि आगामी एक वर्ष तक संस्था के माध्यम से सामाजिक कार्य किए जाएंगे और सरकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
इन्हें किया गया सम्मानित
स्थापना दिवस के अवसर पर चेयरमैन गोपबंधु पटनायक, पूर्व अध्यक्ष आरती बाजपेई, डॉ. विनोद चंद्रा, एस. बी. यादव, डॉ. मोहम्मद कामरान, प्रदीप भाटिया, अखिलेश श्रीवास्तव और ज्ञानी त्रिवेदी को विशेष योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार गंगा प्रसाद दीक्षित, अमोद श्रीवास्तव, गांधी स्मारक निधि के सचिव लालबहादुर राय सहित अनेक गणमान्य नागरिक और पत्रकार उपस्थित रहे। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।
- रविशंकर सिंह की रिपोर्ट
..........................................................................................
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822
