भोजपुर के बिहिया थाना क्षेत्र के रामडीहरा गांव में दीपावली की रात गाना बजाने के विवाद में स्कॉर्पियो सवार लोगों ने आठ लोगों को कुचल दिया। हादसे में दो सगे भाइयों की मौत और छह लोग घायल हो गए।

कंचन क्रांति न्यूज, आरा।

बिहार के भोजपुर जिले में दीपावली की रात गाना बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। बिहिया थाना क्षेत्र के रामडीहरा गांव में शराब के नशे में धुत स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने आठ लोगों को गाड़ी से कुचल दिया। इस दर्दनाक घटना में दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आरोपी स्कॉर्पियो लेकर मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, दीपावली के दिन रविवार की देर रात रामडीहरा गांव स्थित सूर्य मंदिर के समीप कुछ लोग पूजा-अर्चना के बाद गाना बजा रहे थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो पर सवार करीब 10 लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि सभी शराब के नशे में थे। उन्होंने गाना बंद करने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि कहासुनी के बाद स्कॉर्पियो सवार लोग कुछ दूर पीछे गए और फिर तेज रफ्तार से गाड़ी चलाते हुए वहां मौजूद लोगों को रौंद दिया। इस घटना में दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

मृतकों की पहचान बिहिया थाना क्षेत्र के रामडीहरा गांव निवासी 55 वर्षीय रामनरेश यादव  और 50 वर्षीय पुत्र कमलेश यादव के रूप में हुई है। घायलों में गांव के राजेश कुमार, कृष्ण कुमार और रमेश यादव समेत अन्य लोग शामिल बताए जा रहे हैं।

घटना के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना को लेकर इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है।

………………………………………………………………………………………..

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office  - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822