झारखंड की राजधानी रांची स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी के गेट से चतरा विधायक जनार्दन पासवान के बेटे का अपहरण कर लिया गया है। बदमाशों ने मारपीट कर उसे स्कॉर्पियो में अगवा किया। पुलिस सीसीटीवी खंगाल कर नाकाबंदी कर रही है।
रांची। झारखंड की राजधानी रांची से एक बड़ी और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चतरा के विधायक जनार्दन पासवान के बेटे का सोमवार शाम रांची स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी के गेट से अपहरण कर लिया गया है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस महकमे में अफरा-तफरी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, विधायक जनार्दन पासवान के बेटे रांची की एमिटी यूनिवर्सिटी से लॉ (कानून) की पढ़ाई कर रहे हैं। सोमवार शाम को जब यूनिवर्सिटी की छुट्टी हुई और वह कैंपस से बाहर निकल रहे थे, तभी वहां पहले से घात लगाए बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि बदमाश एक स्कॉर्पियो और एक थार गाड़ी में सवार होकर आए थे। जैसे ही युवक गेट से बाहर आया, बदमाशों ने उसे घेर लिया और उसके साथ जमकर मारपीट की। इसके बाद बदमाश उसे जबरन अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में डालकर अगवा कर ले गए।
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश इतनी जल्दबाजी में थे कि वे अपनी थार गाड़ी घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद से ही अपहृत युवक का मोबाइल फोन लगातार स्विच ऑफ बता रहा है, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई है। परिजनों का कहना है कि उन्हें किसी भी प्रकार के विवाद या पुरानी दुश्मनी की कोई जानकारी नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने तुरंत पुलिस को अलर्ट किया। हाई-प्रोफाइल मामला होने के कारण पुलिस फौरन एक्शन में आ गई है। पुलिस की कई टीमें घटनास्थल पर पहुंचकर वहां लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही हैं ताकि बदमाशों और उनकी गाड़ी की पहचान की जा सके। इसके साथ ही पूरे शहर में जगह-जगह घेराबंदी और चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है।
इधर, अपने बेटे के अपहरण की मनहूस खबर मिलते ही चतरा विधायक जनार्दन पासवान तुरंत रांची के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822