मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बिहार कैबिनेट की बैठक में 300 से अधिक निजी बीएड कॉलेजों में सामान्य स्नातक पढ़ाई, बायोगैस प्लांट और पीएम सूर्य घर योजना पर बड़ा फैसला।
कंचन क्रांति ब्यूरो, पटना।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित बिहार मंत्रिमंडल की बैठक में 11 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। निर्णय के तहत राज्य के 300 से अधिक निजी बीएड कॉलेजों में अब बीएड के अलावा कला, विज्ञान, वाणिज्य और कौशल विकास से जुड़े अन्य स्नातक पाठ्यक्रमों की पढ़ाई भी शुरू होगी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (NEP 2020) और NCTE के दिशा-निर्देशों के अनुरूप यह कदम सकल नामांकन अनुपात (GER) में सुधार और स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा के अवसर बढ़ाने के लिए उठाया गया है।
कैबिनेट ने राज्य के चार प्रमुख नगर निगम क्षेत्रों—गयाजी, भागलपुर, मुजफ्फरपुर और बिहारशरीफ में कम्प्रेस्ड बायोगैस प्लांट (CBG) की स्थापना के लिए 10-10 एकड़ जमीन 25 वर्षों की लीज पर गेल, IOCL, BPCL और HPCL जैसी सार्वजनिक कंपनियों को देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसके अलावा, कुशल युवा कार्यक्रम को अगले पांच वर्षों (2026-27 से 2030-31) के लिए विस्तारित करते हुए ₹430 करोड़ के व्यय की स्वीकृति दी गई है।
कैबिनेट के अन्य प्रमुख फैसले:
पीएम सूर्य घर योजना: आवासीय उपभोक्ताओं को केंद्र सरकार के अनुदान के अतिरिक्त राज्य सरकार द्वारा ₹10,000 प्रति किलोवाट (अधिकतम ₹20,000 प्रति उपभोक्ता) की अतिरिक्त वित्तीय सहायता दी जाएगी। इसके लिए ₹1,000 करोड़ स्वीकृत किए गए।
स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना: अगले 5 वर्षों के लिए योजना के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण हेतु ₹950 करोड़ का प्रावधान।
आईटीआई नामांकन नियम: निजी आईटीआई संस्थानों की 50 प्रतिशत सीटों पर नामांकन अब बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (BCECEB) के माध्यम से होगा।
बिजली व आधारभूत संरचना: पीएमसीएच सहित विभिन्न विद्युत उप-केंद्रों के संचालन के लिए अभियंता पद सहित 221 नए पदों का सृजन किया जाएगा।
सैटेलाइट टाउनशिप: ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप क्षेत्रों में भूमि के क्रय-विक्रय और हस्तांतरण पर लगी रोक को हटाने का अधिकार बिहार नगर विकास प्राधिकरण को दिया गया।
..........................................................................................
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Mail - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822
