बिहार में बाढ़ पीड़ितों को बड़ी राहत देते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने 8.27 लाख परिवारों के बैंक खाते में 7-7 हजार रुपये की दर से 579.23 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। जानें प्रभावित जिलों और राहत कार्यों का पूरा विवरण



पटना। बिहार में इस वर्ष आई भीषण बाढ़ से जूझ रहे पीड़ितों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को पटना स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान राज्य के बाढ़ प्रभावित 8 लाख 27 हजार 472 परिवारों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से सात-सात हजार रुपये की राहत राशि सीधे हस्तांतरित की। इस प्रकार सरकार ने कुल 579.23 करोड़ रुपये की राशि जारी की है। इस वर्ष बाढ़ पीड़ितों को पहली बार इस तरह की नकद सहायता प्रदान की जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि कोई भी पात्र परिवार इस सहायता से छूट गया है, तो एक सप्ताह के भीतर उनकी सूची तैयार की जाए ताकि उन्हें भी जल्द से जल्द यह राशि मिल सके। इसके साथ ही, सीएम ने सभी जिलों के जिलाधिकारियों को बाढ़ से हुए नुकसान की एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने को कहा है, ताकि प्रथम दृष्टया क्षति की इस रिपोर्ट को बिहार दौरे पर आ रही केंद्रीय टीम को सौंपा जा सके।

इस वर्ष गंगा, गंडक, कोसी, पुनपुन और बूढ़ी गंडक जैसी प्रमुख नदियों में आए उफान के कारण कुल 15 जिले बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। इनमें शामिल प्रमुख जिले पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, भागलपुर, बेगूसराय, बक्सर, समस्तीपुर, मुंगेर, कटिहार, लखीसराय, खगड़िया, पूर्णिया, मधेपुरा और अरवल शामिल हैं।

केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक, कई नदियां अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। पटना के दीघा घाट, गांधीघाट, हाथीदह, भागलपुर, कहलगांव और मुंगेर में गंगा, बलतारा व कुरसेला में कोसी, खगड़िया में बूढ़ी गंडक, श्रीपालपुर में पुनपुन, बेनीबाद में बागमती और दरौली में घाघरा नदी चेतावनी के स्तर को पार कर चुकी हैं।

आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, संकट की इस घड़ी में जरूरतमंदों की मदद के लिए प्रभावित जिलों में 1260 सामुदायिक रसोई चलाई जा रही हैं, जिनके माध्यम से अब तक लगभग 1.19 करोड़ लोगों को दोनों समय का भोजन उपलब्ध कराया जा चुका है। इसके अतिरिक्त, लोगों के ठहरने के लिए 13 राहत शिविर भी स्थापित किए गए हैं।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822