बिहार के सभी विद्यालयों में शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए फॉर्मल ड्रेस अनिवार्य कर दी गई है। शिक्षा विभाग ने जींस-टीशर्ट और स्कूल परिसर में डीजे-डिस्को पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। पढ़ें पूरी खबर।

कंचन क्रांति न्यूज, पटना।

 

राज्य के सभी प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च विद्यालयों में शैक्षणिक वातावरण को गरिमामय और अनुशासित बनाए रखने के लिए शिक्षा विभाग ने सख्त कदम उठाया है। अब राज्य के विद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मियों को शिक्षण व कार्यालय अवधि के दौरान केवल औपचारिक (फॉर्मल) परिधान पहनकर ही आना होगा।

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी की पहल पर विभाग के अपर मुख्य सचिव सी.के. अनिल ने इस संबंध में विस्तृत निर्देश जारी किए हैं और सभी जिलों में इसे कड़ाई से लागू करने का आदेश दिया है।

अनौपचारिक कपड़ों और डीजे-डिस्को पर पूरी तरह रोक

शुक्रवार को राज्य के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को जारी पत्र में कहा गया है कि पूर्व में भी गरिमामय परिधान से जुड़े निर्देश दिए गए थे, लेकिन कई विद्यालयों में इनका अनुपालन नहीं किया जा रहा है। देखने में आया है कि कुछ शिक्षक और कर्मी जींस, टी-शर्ट जैसे अनौपचारिक कपड़े पहनकर स्कूल आ रहे हैं।

इसके अलावा, कुछ विद्यालयों में अमर्यादित गतिविधियों तथा डीजे-डिस्को आयोजित करने की शिकायतें भी मिली हैं। अपर मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार का आचरण विद्यालयों के शैक्षणिक माहौल को बिगाड़ता है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए नियम तय

नए निर्देशों के अनुसार, विद्यालय परिसर में अब केवल शिक्षा कैलेंडर में निर्धारित विशेष अवसरों पर ही अनुशासित एवं शालीन सांस्कृतिक (नृत्य-संगीत) कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। अपर मुख्य सचिव ने सभी संबंधित प्रशासनिक व शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में इन आदेशों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं।

...............................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822