लखीमपुर के चिल्ड्रेन अकादमी स्कूल में निकाह का दबाव बना रहे युवक ने शिक्षिका निशात फातिमा की गोली मारकर हत्या कर दी और खुद भी आत्महत्या कर ली। पढ़ें पूरी सनसनीखेज खबर।


लखनऊ। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चिल्ड्रेन अकादमी स्कूल में निकाह का दबाव बना रहे एक युवक ने शिक्षिका की गोली मारकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद को भी गोली से उड़ा लिया। इस दुस्साहसिक वारदात से स्कूल परिसर और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

मृतकों की पहचान 23 वर्षीय शिक्षिका निशात फातिमा और 25 वर्षीय आरोपी सऊद अंसारी के रूप में हुई। घटना का कारण आरोपी द्वारा मृतका पर जबरन निकाह करने का दबाव बनाना बताया जा रहा है।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से दो तमंचे, चार खोखे और एक कारतूस बरामद किया है। मृतका के भाई की तहरीर पर आरोपी और उसके माता-पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

हिदायतनगर की रहने वाली 23 वर्षीय निशात फातिमा शाहपुरा कोठी स्थित चिल्ड्रेन अकादमी स्कूल में शिक्षिका के रूप में कार्यरत थीं। सोमवार को पूर्वाह्न करीब 11:40 बजे वह अपनी कक्षा से निकलकर कैंपस में थीं। इसी दौरान मोहल्ला नौरंगाबाद का रहने वाला 25 वर्षीय सऊद अंसारी स्कूल के अंदर दाखिल हुआ।

आरोपी सऊद अपने साथ एक बैग में दो तमंचे लेकर आया था। उसने निशात से कुछ बातचीत की और उन्हें स्कूल की दूसरी मंजिल पर कमरा नंबर 11 के सामने ले गया। वहां उसने तमंचे से ताबड़तोड़ तीन गोलियां निशात के सिर में मार दीं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने खुद की कनपटी पर भी तमंचा रखकर गोली चला दी और अपनी जान दे दी।

यह खौफनाक वारदात सीनियर केजी क्लास के ठीक बाहर बरामदे में हुई। गोलियों की आवाज सुनकर कमरा नंबर 11 में मौजूद लगभग 30 से 32 मासूम बच्चे और शिक्षिकाएं दहशत में आ गए। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए कक्षा की शिक्षिका ने तुरंत अंदर से दोनों दरवाजे बंद कर लॉक कर दिए, जिससे बच्चे पूरी तरह सुरक्षित रहे। स्कूल प्रशासन और अभिभावकों ने इस साहसी शिक्षिका की जमकर सराहना की है।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी (DM) अंजनी कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. ख्याति गर्ग, एएसपी पवन गौतम और सीओ सिटी विवेक तिवारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मृतका के भाई सादाब अहमद की शिकायत पर आरोपी सऊद अंसारी, उसके पिता कय्यूम अंसारी और उसकी मां के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस स्कूल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले के हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है।



सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822