बोधगया के सोनू बिगहा गांव में रसगुल्ला गले में फंसने से आठ वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत। अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में तोड़ा दम, परिवार में छाया मातम।

कंचन क्रांति न्यूज़, गया।

बोधगया थाना क्षेत्र के सोनू बिगहा गांव में एक बेहद दर्दनाक हादसे में आठ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। घर में रखा रसगुल्ला खाने के बाद दौड़ने के दौरान बच्चा गिर पड़ा, जिससे रसगुल्ला उसके गले में अटक गया। इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही बच्चे ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान सोनू बिगहा निवासी बच्चू यादव के आठ वर्षीय इकलौते पुत्र शिवम कुमार के रूप में हुई है, जो दो बहनों का इकलौता भाई था।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, घर में रखे रसगुल्ले को खाने से मां ने शिवम को मना किया था, लेकिन जिद कर उसने रसगुल्ला खा लिया और दौड़ने लगा। दौड़ने के दौरान ठोकर लगने से वह जमीन पर गिर गया, जिससे मुंह में मौजूद रसगुल्ला उसके गले की श्वासनली में फंस गया। अचानक तबियत बिगड़ने पर परिजन उसे तुरंत बोधगया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल, गया रेफर कर दिया। एंबुलेंस से अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज ले जाए जाने के दौरान रास्ते में ही बच्चे की स्थिति अत्यधिक बिगड़ गई और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। इस आकस्मिक और हृदयविदारक घटना से माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे सोनू बिगहा गांव में मातम और शोक का माहौल व्याप्त है।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822