झारखंड के गोड्डा जिले में 17 वर्षीय किशोर का शव बरामद हुआ है। परिजनों ने प्रेम प्रसंग के चलते पीट-पीटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


गोड्डा। गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सोमवार सुबह 17 वर्षीय एक नाबालिग लड़के का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया। घटना की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, किशोर का शव महागामा थाना क्षेत्र के अंतर्गत दाड़ीघाट और रघुनाथ किट्टा गांव के बीच स्थित एक नाले (पुलिया) के पास से मिला। सुबह स्थानीय लोगों ने शव देखकर तुरंत इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी।


मृतक की मां और परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मां का कहना है कि उनके बेटे की हत्या प्रेम प्रसंग के विवाद में की गई है। परिजनों का दावा है कि किशोर को बेहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतारा गया और फिर साक्ष्य छिपाने की नीयत से उसके शव को नाले के पास फेंक दिया गया।


सूचना मिलते ही महागामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और परिजनों के बयानों को आधार बनाकर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।