बिहार TRE-4 के तहत 32,388 पदों पर शिक्षकों की बहाली होगी। शिक्षा विभाग ने BPSC को अधियाचना भेज दी है और आयोग जल्द ही विज्ञापन जारी करेगा। कक्षा 11वीं-12वीं के लिए सबसे ज्यादा 16,101 पद शामिल हैं।


कंचन क्रांति ब्यूरो, पटना। बिहार में चौथे चरण की शिक्षक बहाली (TRE-4) का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। शिक्षा विभाग ने 32,388 पदों पर नियुक्ति के लिए बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को अधियाचना भेज दी है। इसके बाद अब BPSC जल्द ही आवेदन के लिए विज्ञापन जारी करने और परीक्षा की नई तिथियों की घोषणा करने की तैयारी में जुट गया है।

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दी जानकारी

बीते दिन उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट साझा कर इस संबंध में विस्तृत जानकारी दी थी। उन्होंने इसे राज्य के युवाओं के लिए एक और ऐतिहासिक सौगात करार दिया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, युवाओं को रोजगार देने और विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम है। एनडीए सरकार राज्य के युवाओं को अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

11वीं-12वीं के लिए सर्वाधिक 16 हजार से अधिक पद

अधियाचना के अनुसार, इस बार सबसे ज्यादा रिक्तियां उच्च माध्यमिक (कक्षा 11वीं और 12वीं) शिक्षकों के लिए हैं, जहां 16,101 पदों पर बहाली होगी। ज्ञात हो कि सरकार ने पूर्व में ही हर साल 20 हजार और आगामी पांच वर्षों में एक लाख शिक्षकों की नियुक्ति का खाका तैयार किया है, जिसके तहत यह बड़ी प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

वर्गवार रिक्तियों का ब्योरा:

कक्षा 1 से 5 (प्राथमिक): 3,847 पद

कक्षा 6 से 8 (मध्य): 8,563 पद

कक्षा 9 से 10 (माध्यमिक): 3,877 पद

कक्षा 11 से 12 (उच्च माध्यमिक): 16,101 पद

कुल पद: 32,388

शिक्षा विभाग से अधियाचना मिलने के बाद BPSC आयोग के स्तर पर रोस्टर और अन्य प्रक्रियात्मक औपचारिकताओं को अंतिम रूप दे रहा है। बहुत जल्द आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर विज्ञापन और आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत नियमावली जारी कर दी जाएगी।

....................................................................................................

BPSC TRE 4 Notification, BPSC जल्द जारी करेगा विज्ञापन, बिहार शिक्षक बहाली चौथा चरण, BPSC Teacher Vacancies, Bihar Teacher Niyukti 2026, Samrat Choudhary Post, BPSC Recruitment Patna News