पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र स्थित उत्तर कोयल नदी में करम डाली विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नदी में डूबने से 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक की तलाश जारी है।

 मेदिनीनगर (झारखंड)। पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के बोकेया गांव में बुधवार सुबह करम पर्व की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब उत्तर कोयल नदी में करम डाली और पूजा सामग्री विसर्जन के दौरान एक बच्चे समेत पांच लोग डूब गए। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांचवें युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

चारों शव बरामद, एक की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग राहत और बचाव कार्य में जुट गए। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद चारों मृतकों के शवों को नदी से बाहर निकाल लिया है। मृतकों की पहचान विशाल पासवान (15 वर्ष), निवासी पतरिया खुर्द, अमित कुमार सिंह (20 वर्ष), निवासी पतरिया खुर्द, नन्हू सिंह (17 वर्ष), निवासी पतरिया खुर्द और आदर्श सिंह (10 वर्ष), निवासी पतरिया खुर्द के रूप में पहचान की गई। वहीं, हादसे में लापता हेमंत सिंह की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों और तैराकों की मदद से नदी में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

करम पूजा के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, पतरिया खुर्द गांव के युवा, किशोर और बच्चे करम पर्व को लेकर बोकेया गांव के पास उत्तर कोयल नदी में करम डाली व पूजन सामग्री विसर्जन करने पहुंचे थे। इसी दौरान पांचों युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

चैनपुर थाना प्रभारी लालजी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि चारों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर के एमआरएमसीएच (MMRCH) भेज दिया गया है। पांचवें युवक हेमंत सिंह को खोजने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस हृदयविदारक घटना के बाद से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822