रायबरेली के ऊंचाहार में रेलवे द्वारा हरनारायण इंटर कॉलेज का रास्ता बंद करने पर दो घंटे तक छात्र फंसे रहे। रेलवे ने 3 दिन में अतिक्रमण हटाने का नोटिस दिया है। पूरी खबर पढ़ें।
रविशंकर सिंह, रायबरेली।
ऊंचाहार कस्बे के हरनारायण इंटर कॉलेज में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रेलवे कर्मचारियों ने मुख्य गेट पर खंभे और पत्थर लगाकर रास्ता बंद करने का प्रयास किया। इस कार्रवाई के कारण छुट्टी के बाद विद्यार्थी करीब दो घंटे तक कॉलेज परिसर में ही फंसे रहे। छात्रों और अभिभावकों के कड़े विरोध के बाद रेलवे ने फिलहाल कार्रवाई रोक दी है, लेकिन कॉलेज प्रबंधन को तीन दिन के भीतर बाउंड्रीवाल हटाने का नोटिस दिया है।
76 साल पुराना है मामला
हरनारायण इंटर कॉलेज की स्थापना वर्ष 1947 में हुई थी, जबकि इसका मुख्य गेट 1950 में बनाया गया था। वर्तमान में इस कॉलेज में करीब 1,500 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, पिछले करीब 76 वर्षों से छात्र इसी मुख्य गेट का उपयोग आवागमन के लिए कर रहे हैं।
मंगलवार को छुट्टी के समय रेलवे के आईओडब्ल्यू (कार्य निरीक्षक) प्रयाग, आरबी पाल आरपीएफ बल के साथ कॉलेज गेट पर पहुंचे और रास्ते पर खंभे व पत्थर लगाने का काम शुरू कर दिया। जब शिक्षकों ने इसका कारण पूछा, तो अधिकारियों ने बताया कि कॉलेज की बाउंड्रीवाल और गेट का कुछ हिस्सा रेलवे की जमीन पर बना हुआ है।
दो घंटे तक चला हंगामा
रेलवे की इस अचानक कार्रवाई से मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। शिक्षकों, विद्यार्थियों और बाद में पहुंचे अभिभावकों ने इसका जोरदार विरोध किया। भारी विरोध के बाद रेलवे कर्मचारियों ने जमीन की सीमा को चिन्हित किया, दो पत्थर लगाए और कॉलेज प्रबंधन को रेलवे की जमीन खाली करने की सख्त चेतावनी देकर लौट गए।
प्रधानाचार्य बृजेश कुमार सिंह ने कहा कि पैमाइश में बाउंड्रीवाल का कुछ हिस्सा रेलवे की जमीन पर पाया गया है, जिसे हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हालांकि, कॉलेज का मुख्य गेट रेलवे की सीमा से बाहर है। आईओडब्ल्यू आरबी पाल ने बताया कि कॉलेज की बाउंड्रीवाल और गेट का कुछ हिस्सा रेलवे भूमि पर अतिक्रमण कर बनाया गया है। इसे हटाने के लिए पहले भी नोटिस दिया गया था। अब कॉलेज प्रबंधन को 3 दिन के अंदर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई है।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822