पलामू जिले के हुसैनाबाद स्थित पुरंदरबिगहा गांव के पास बेखौफ अपराधियों ने 32 वर्षीय ओमप्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने जपला-छतरपुर मुख्य सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
पलामू। पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरंदरबिगहा गांव के पास बुधवार की देर रात बेखौफ अपराधियों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। जपला-दंगवार मुख्य सड़क पर अज्ञात अपराधियों ने 32 वर्षीय ओमप्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार की देर रात ओमप्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी रोककर किसी से बात कर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और उनकी कनपटी में गोली मार दी। गोली लगते ही छोटू सिंह ने जान बचाने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए दो और गोलियां मार दीं, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
घटना को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी बाइक पर सवार होकर दंगवार की दिशा में फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वारदात के समय घटनास्थल के पास एक अन्य बाइक सवार भी मौजूद था, जिसके इस अपराध में शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।
घायल अवस्था में परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से छोटू सिंह को इलाज के लिए तत्काल मेदिनीनगर के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है।
हत्या की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। विरोध में गुरुवार की सुबह आक्रोशित लोगों ने जपला स्थित सिद्धनाथ पेट्रोल पंप के समीप जपला-छतरपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी अपराधियों की पहचान कर उनकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं।
घटनास्थल पर तनाव को देखते हुए हुसैनाबाद के थाना प्रभारी चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात हैं। पुलिस अधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत कराने और जाम हटाने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822