लोहरदगा के कैमो महुआ टोली में बाईपास सड़क निर्माण साइट पर बेखौफ अपराधियों ने हमला कर आगजनी की और गार्ड को गोली मारकर घायल कर दिया। पुलिस मामले की जांच और छापेमारी में जुटी है।
लोहरदगा। झारखंड के लोहरदगा जिले में अपराधियों का मनोबल चरम पर है। लोहरदगा सदर थाना क्षेत्र के कैमो महुआ टोली स्थित बाईपास सड़क निर्माण एजेंसी की साइट पर बेखौफ अपराधियों ने जमकर तांडव मचाया। दो अज्ञात अपराधियों ने निर्माण स्थल पर पेट्रोल छिड़ककर आगजनी की और विरोध करने पर ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, विजय कुमार साहू इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड (रांची) द्वारा हिरही से जोगना तक कुल 19.9 किलोमीटर लंबी बाईपास सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इस परियोजना की कुल लागत लगभग 200 करोड़ रुपये है।
साइट इंचार्ज दीपांकर देव शर्मा के अनुसार, घटना रात लगभग 9:30 बजे की है। बाइक पर सवार होकर दो अज्ञात अपराधी साइट पर पहुंचे। उनके पास बोतलों में पेट्रोल भरा हुआ था। अपराधियों ने आते ही साइट पर खड़े कैंपर और वाहनों पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
गाड़ियों को धू-धू कर जलता देख ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड शशि भूषण लकड़ा (निवासी: रांची) तुरंत अपराधियों की ओर दौड़े। गार्ड को अपनी ओर आता देख अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली शशि भूषण के कंधे में लग गई, जिससे वे मौके पर ही गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।
घटना के तुरंत बाद घायल गार्ड को स्थानीय लोगों और कर्मचारियों की मदद से लोहरदगा सदर अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स (RIMS), रांची रेफर कर दिया। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
साइट इंचार्ज दीपांकर देव शर्मा ने स्पष्ट किया कि घटना से पहले एजेंसी को न तो किसी गिरोह से धमकी मिली थी और ना ही किसी तरह की रंगदारी की मांग की गई थी। इस वजह से फिलहाल यह कहना मुश्किल है कि इस आपराधिक वारदात के पीछे किस गिरोह का हाथ है।
वारदात की सूचना मिलते ही लोहरदगा के पुलिस अधीक्षक (SP) सादिक अनवर रिजवी और एसडीपीओ (CDPO) श्रद्धा केरकेट्टा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और अपराधियों की धर-पकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। एसपी ने निर्माण स्थल की सुरक्षा के लिए तत्काल पुलिस बल तैनात कर दिया है।
इस हिंसक घटना के बाद साइट पर काम कर रहे मजदूरों और कर्मचारियों के बीच दहशत का माहौल बन गया है। घटना के तुरंत बाद काम रोक दिया गया था। हालांकि, साइट इंचार्ज दीपांकर और प्लांट इंचार्ज रबिन कुमार चौबे ने बताया कि पुलिस प्रशासन द्वारा पूर्ण सुरक्षा का आश्वासन और पुलिस बल मुहैया कराया गया है। सुरक्षा पुख्ता होने के बाद बाईपास सड़क का निर्माण कार्य पूरी मुस्तैदी से जारी रहेगा।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822