रांची। झारखंड के खूंटी जिले में सोमवार को रथयात्रा के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। तोरपा प्रखंड के कोटेगसेरा स्थित मौसीबाड़ी के पास भगवान जगन्नाथ के रथ का ऊपरी हिस्सा बिजली के तार से छू गया, जिससे पूरे रथ में करंट दौड़ गया। हादसे में दो स्कूली बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को तत्काल खूंटी सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां तीन की हालत नाजुक बनी हुई है।
लंच ब्रेक में रथयात्रा देखने पहुंचे थे छात्र
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब एक बजे श्रीहरि प्लस टू सरकारी स्कूल के 12वीं कक्षा के कई छात्र लंच ब्रेक के दौरान रथयात्रा देखने और उसमें शामिल होने के लिए मौसीबाड़ी पहुंचे थे। इसी दौरान रथ को आगे बढ़ाया जा रहा था। रथ का ऊपरी हिस्सा ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार से छू गया और अचानक पूरे रथ में करंट फैल गया।
करंट की चपेट में आते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह घायलों को रथ से अलग किया और एंबुलेंस तथा निजी वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया।
दो बच्चों की मौत, तीन की हालत गंभीर
हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि सात लोग झुलस गए। खूंटी सदर अस्पताल में सभी घायलों का इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार तीन घायलों की हालत गंभीर है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की तैयारी की जा रही है।
प्रशासन ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन यह भी पता लगा रहा है कि रथ जिस मार्ग से गुजर रहा था, वहां बिजली के तारों की ऊंचाई और सुरक्षा व्यवस्था का पर्याप्त ध्यान रखा गया था या नहीं। पुलिस ने मृतकों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है और घायलों के परिजनों को सूचना दी जा रही है।
हर साल निकलती है भव्य रथयात्रा
तोरपा और आसपास के क्षेत्रों में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा धार्मिक आस्था का प्रमुख पर्व माना जाता है। हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें शामिल होते हैं। इस बार भी बड़ी भीड़ जुटी थी, लेकिन बिजली के तार की चपेट में आने से उत्सव का माहौल मातम में बदल गया।