गिरिडीह। शहर से सोमवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया। शहर के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. बीएन झा का शव पचंबा थाना क्षेत्र के लखारी स्थित एक कुएं से बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, डॉ. बीएन झा रोज की तरह सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसी बीच लखारी स्थित एक कुएं में शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर शव की पहचान डॉ. बीएन झा के रूप में हुई।


सूचना मिलते ही पचंबा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है।


फिलहाल डॉ. झा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह हत्या, आत्महत्या या फिर दुर्घटनावश कुएं में गिरने का मामला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।


पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।