चितरा-सारठ मुख्य मार्ग पर DN एकेडमी की स्कूल वैन और पिकअप वैन की टक्कर में 6 साल की बच्ची की मौत हो गई और 6 बच्चे घायल हैं। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने सड़क जाम किया।


देवघर। चितरा-सारठ मुख्य मार्ग पर मंझलीबाद गांव के समीप मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। डीएन एकेडमी (DN Academy) स्कूल की वैन और एक तेज रफ्तार पिकअप वैन के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में 6 वर्षीया बच्ची मुन्नी कुमारी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 6 अन्य स्कूली बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।


टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूल वैन के परखच्चे उड़ गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में 3 बच्चों की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च केंद्र (Higher Center) रेफर किया गया है।


हादसे की खबर मिलते ही मृत बच्ची के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोगों ने मंझलीबाद गांव के पास चितरा-सारठ मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया और मुआवजे व दोषी वाहन चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक चुन्ना सिंह, एसडीपीओ (SDPO), पुलिस इंस्पेक्टर समेत चार थानों की पुलिस बल मौके पर पहुंची। प्रशासनिक अधिकारियों और विधायक ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया और घायल बच्चों के उचित इलाज का आश्वासन दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त करने की कार्रवाई जारी है।


Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822