मुजफ्फरपुर के शाहबाजपुर स्कूल में 11 हजार वोल्ट के तार से झुलसी छात्रा का हाथ काटने की नौबत। कार्रवाई और बेहतर इलाज की मांग को लेकर परिजनों ने 3 घंटे तक किया सड़क जाम। पढ़ें पूरी खबर।
कंचन क्रांति न्यूज, मुजफ्फरपुर।
अहियापुर थाना क्षेत्र के उच्च माध्यमिक विद्यालय, शाहबाजपुर में बीते दिनों 11 हजार वोल्ट के करंट की चपेट में आकर झुलसी छात्राओं के मामले में अब परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा है। एक पीड़ित छात्रा का हाथ काटने की नौबत आने और इसके बावजूद दोषियों पर कोई कार्रवाई न होने से नाराज परिजनों व स्थानीय लोगों ने शुक्रवार को जमकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों ने अहियापुर चौक के पास सड़क जाम कर टायर जलाए और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
यह प्रदर्शन करीब तीन घंटे तक चला। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा के लिहाज से स्कूल का गेट बंद रखा गया, जिसके कारण सुबह 11:30 बजे होने वाली छुट्टी में करीब आधे घंटे की देरी हुई। दोपहर 12 बजे के बाद डीपीओ (स्थापना) के मौके पर पहुंचने और परिजनों से बातचीत के बाद स्कूल का गेट खोला गया तथा जाम समाप्त कराया गया।
एक छात्रा की हालत बेहद नाजुक, डॉक्टरों ने दी हाथ काटने की चेतावनी
गौरतलब है कि बीते 9 अक्टूबर को शाहबाजपुर स्कूल परिसर में 11 हजार वोल्ट का हाई-टेंशन तार की चपेट में आने से तीन छात्राएं बुरी तरह झुलस गई थीं। इनमें सातवीं कक्षा की छात्रा संध्या कुमारी की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। संध्या का इलाज एसकेएमसीएच (SKMCH) में चल रहा है। परिजनों के अनुसार, बिजली के झटके से हाथ में गंभीर संक्रमण फैल गया है और डॉक्टरों ने हाथ काटने की आशंका जताई है।
दोषियों पर कार्रवाई और भविष्य सुरक्षित करने की मांग
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के जिला प्रधान महासचिव दिलीप कुशवाहा ने बताया कि परिजनों की स्पष्ट मांग है कि इस भयानक लापरवाही के जिम्मेदार लोगों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही, गंभीर रूप से घायल बच्ची संध्या के समुचित और बेहतर इलाज, उसकी आगे की पढ़ाई और पूरे भविष्य की जिम्मेदारी प्रशासन द्वारा सुनिश्चित की जाए।
अहियापुर थानाध्यक्ष शरत कुमार ने बताया कि परिजन बच्ची के इलाज और न्याय की मांग को लेकर सड़क पर उतरे थे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने-बुझाने और मांगों पर विचार करने के आश्वासन के बाद सड़क जाम हटवाया गया और यातायात सामान्य हुआ।
हाथ कटने पर बिटिया के भविष्य को लेकर परिवार चिंतित

संध्या के पिता राजकुमार गुप्ता ने कहा कि उनकी 13 वर्षीय बेटी सातवीं कक्षा में पढ़ती है। स्कूल में करंट लगने से उसका शरीर झुलस गया और अब हाथ काटने की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने मांग की कि प्रशासन बच्ची के इलाज की समुचित व्यवस्था करे और उसके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए ठोस कदम उठाए। मां अनु देवी ने भी बेटी की गंभीर हालत पर चिंता जताते हुए परिवार को जरूरी सहायता देने की मांग की।
स्कूल में बिजली के तार की स्थिति भी देखी गई
प्रदर्शन की सूचना पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी स्थापना स्कूल पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत की और लिखित शिकायत लेने की बात कही। डीपीओ ने कहा कि घटना की जांच की जाएगी और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। स्कूल में बिजली के तार की स्थिति भी देखी गई है। उन्होंने बच्ची के इलाज और भविष्य के लिए हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822