मधेपुरा में दिनदहाड़े बदमाशों ने बीएन मंडल यूनिवर्सिटी के पीएचडी छात्र और राजद विधायक के ममेरा भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस जांच और पूरी खबर यहाँ पढ़ें।

कंचन क्रांति न्यूज, मधेपुरा।

मधेपुरा जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। शुक्रवार को दोपहर करीब 12 बजे बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान घैलाढ़ प्रखंड के इनरवा गांव निवासी प्रिंस रंजन कुमार (25), पिता सुनील यादव के रूप में हुई है। मृतक बीएन मंडल यूनिवर्सिटी (BNMU) में पीएचडी का छात्र था और राजद विधायक प्रो. चंद्रशेखर का ममेरा भाई बताया जा रहा है।

यह सनसनीखेज वारदात मधेपुरा-घैलाढ़ रोड पर साहुगढ़ और भेलवा के बीच हुई। जानकारी के मुताबिक, प्रिंस शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे अपनी पल्सर बाइक से घर से विश्वविद्यालय के लिए निकले थे। इसी दौरान सदर थाना क्षेत्र के साहुगढ़ स्थित गोढ़ियारी चिमनी के पास नहर के पश्चिम बाइक सवार अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया और पीठ में गोली मार दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।

इलाके में फैली सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े, लेकिन तब तक बदमाश वहां से फरार हो चुके थे। अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसडीपीओ अजय कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में छिनतई के दौरान बदमाशों द्वारा गोली मारे जाने की बात सामने आ रही है। फॉरेंसिक टीम (FSL) ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद राजद विधायक प्रो. चंद्रशेखर ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द बदमाशों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

 ................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822