छपरा के अमनौर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। चेन्नई में पति के आत्महत्या करने के बाद उसका शव वीडियो कॉल पर देखकर 23 वर्षीय पत्नी ने भी फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।

छपरा (अमनौर)स्थानीय थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में एक नवविवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की पहचान बबलू कुमार महतो की 23 वर्षीया पत्नी सपना कुमारी के रूप में हुई है। घटना रविवार सुबह की है। बताया जा रहा है कि चेन्नई में पति द्वारा आत्महत्या किए जाने के बाद उसका शव वीडियो कॉल पर देखकर पत्नी ने भी यह आत्मघाती कदम उठा लिया। शादी के महज आठ-नौ महीने बाद हुई इस घटना से पूरे इलाके में मातम छा गया है।

सास खेत गई थी, लौटकर देखा तो खिड़की से लटक रहा था शव

घटना के समय घर पर केवल सास और बहू थीं। ससुर शंभू महतो राजमिस्त्री के काम पर गए थे, जबकि सास सीता देवी खेतों में काम करने गई थीं। सुबह जब सास घर लौटीं और स्नान करने गईं, तो खिड़की से बहू का शव पंखे से झूलता नजर आया। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष बिमलेश कुमार और मढ़ौरा डीएसपी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर जांच शुरू की।

चेन्नई से आई बेटे की मौत की खबर

इसी दौरान काम पर गए ससुर शंभू महतो को चेन्नई से फोन आया कि उनके 25 वर्षीय बेटे बबलू कुमार महतो ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। रोते-बिलखते ससुर जब घर पहुंचे तो वहां बहू को भी मृत पाया। एक ही दिन में बेटे और बहू की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका सपना कुमारी बनियापुर के मछगारा गांव निवासी तेरस महतो की पुत्री थी। उसकी शादी केरवा फनेहरा स्थित उसके मामा के घर से धूमधाम से हुई थी। बबलू पांच माह पूर्व कमाने के लिए चेन्नई गया था।

पारिवारिक विवाद और वीडियो कॉल बनी वजह

मृतका की सास सीता देवी ने बताया कि शनिवार शाम बेटे बबलू का फोन आया था, जिसमें उसने पत्नी के आचरण पर शक जताते हुए उसे घर से निकालने की बात कही थी। इस पर सास ने उसे घर आकर बात सुलझाने की सलाह दी थी। इसके बाद पति-पत्नी के बीच देर तक बातचीत हुई। रविवार सुबह बबलू ने चेन्नई में फांसी लगा ली। आरोप है कि वहां से किसी ने वीडियो कॉल करके सपना को उसके पति का झूलता हुआ शव दिखाया, जिससे आहत होकर सपना ने भी घर में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

.......................................................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822