देवघर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में देवघर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को लेकर समीक्षा बैठक हुई। DC ने अवैध निर्माण और अतिक्रमण पर कड़ी निगरानी के साथ DGCA मानकों के अनुरूप मॉक ड्रिल कराने का निर्देश दिया।

 कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

देवघर हवाई अड्डे के आसपास की भूमि पर अतिक्रमण और अवैध भवन निर्माण पर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि हवाई अड्डे के विस्तार और विमानों व यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में आज देवघर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण, सुरक्षा व्यवस्था और यात्री सुविधाओं को और सुगम बनाने के उद्देश्य से एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने एयरपोर्ट के विकास और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 DGCA के मानकों के अनुरूप होगी मॉक ड्रिल

बैठक के दौरान उपायुक्त ने देवघर एयरपोर्ट के भविष्य के विस्तारीकरण की कार्ययोजना की समीक्षा की। विमानों के सुरक्षित परिचालन और किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को मजबूत करने के लिए उन्होंने नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के मानकों के अनुसार नियमित मॉक ड्रिल आयोजित करने का निर्देश एयरपोर्ट प्रबंधन को दिया।

स्वच्छता और अतिक्रमण पर सख्त रुख

डीसी ने हवाई अड्डा परिसर में साफ-सफाई और यात्री सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाए रखने पर बल दिया। सुरक्षा मानकों को रेखांकित करते हुए उन्होंने एयरपोर्ट के आसपास हो रहे अवैध निर्माण और अतिक्रमण पर पैनी नजर रखने का सख्त निर्देश दिया। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि उड़ानों की सुरक्षा में बाधा बनने वाले किसी भी नियम-उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सिक्योरिटी और सेफ्टी प्रोटोकॉल को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की बात कही गई।

इस समीक्षा बैठक में एयरपोर्ट निदेशक राजेश कुमार, एयरपोर्ट मैनेजर, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

.................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822