मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर के जनता दर्शन में 200 से अधिक फरियादियों की समस्याएं सुनीं। गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए त्वरित आर्थिक मदद और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
कंचन क्रांति ब्यूरो, गोरखपुर।
गोरखपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में पारंपरिक ‘जनता दर्शन’ का आयोजन किया। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर लगे इस दरबार में प्रदेश भर से पहुंचे करीब 200 फरियादियों की समस्याओं को सीएम योगी ने बेहद संवेदनशीलता से सुना। गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने आए लोगों को ढांढस बंधाते हुए उन्होंने साफ कहा कि पैसों के अभाव में किसी भी जरूरतमंद का इलाज नहीं रुकेगा।
इलाज के लिए तुरंत इस्टीमेट बनवाएं अधिकारी
जनता दर्शन के दौरान कई लोग असाध्य बीमारियों के इलाज में आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने अफसरों को सख्त निर्देश दिए कि इलाज के लिए आने वाले हर जरूरतमंद के आवेदन का एस्टीमेट (खर्च का आकलन) बिना किसी देरी के शासन को भेजा जाए। एस्टीमेट मिलते ही सरकार तत्काल धन जारी करेगी। इसके साथ ही उन्होंने पात्र लोगों के तेजी से आयुष्मान कार्ड बनाने के भी निर्देश दिए, ताकि किसी को बार-बार भटकना न पड़े।
"लापरवाही बर्दाश्त नहीं, हर पीड़ित को मिले न्याय"
जनसमस्याओं के निस्तारण पर रुख सख्त करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेताया कि जनसुवाई में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा:
अधिकारी हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाएं। राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों में पारदर्शिता से काम हो। पारिवारिक विवादों को पहले बातचीत और फिर कानून के दायरे में हल किया जाए। निस्तारण ऐसा हो जिससे पीड़ित पूरी तरह संतुष्ट हो।
दिनचर्या में शामिल रही गोसेवा, गोवंश को खिलाया गुड़
जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री की दिनचर्या हमेशा की तरह परंपरागत और आध्यात्मिक रही। उन्होंने सबसे पहले महायोगी गुरु गोरखनाथ के दर्शन-पूजन किए और अपने पूज्य गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर शीश नवाया। इसके बाद वह मंदिर परिसर स्थित गोशाला पहुंचे, जहां उन्होंने अपने हाथों से गायों और बछड़ों को दुलारा और गुड़ खिलाया। सीएम योगी ने गोशाला कार्यकर्ताओं को गोवंश की देखभाल और खान-पान को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए।
………………………………………………………………………………………………………………………………………..
CM Yogi Janta Darshan, Gorakhpur News, Yogi Adityanath Gorakhnath Temple, Yogi Adityanath Medical Assistance, Kanchan Kranti Gorakhpur, योगी आदित्यनाथ जनता दर्शन, गोरखपुर समाचार, कंचन क्रांति
