रामगढ़ में पैसा दोगुना करने और सरकारी भुगतान का झांसा देकर लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। संवेदक चंद्रशेखर कार व नकदी लेकर फरार है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रामगढ़। सरकारी ठेकेदारी में भुगतान और तय समय सीमा में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने का एक बड़ा मामला सामने आया है। आरोपी संवेदक चंद्रशेखर प्रसाद साह लोगों से मोटी रकम और वाहन लेकर फरार हो गया है। इस संबंध में गोड्डा जिले के डुमरिया गांव निवासी शेखर चौधरी ने रामगढ़ थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
पुलिस ने फिलहाल शेखर चौधरी के आवेदन पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की पूरी जांच और अनुसंधान के बाद ही प्राथमिकी (FIR) दर्ज की जाएगी।
पीड़ित शेखर चौधरी ने पुलिस को दिए अपने आवेदन में बताया कि आरोपी संवेदक चंद्रशेखर प्रसाद साह उनसे 14 लाख 45 हजार रुपये नकदी के साथ-साथ उनकी अल्टो कार भी लेकर फरार हो गया है। शेखर चौधरी के अलावा इलाके के कई अन्य लोग भी इस ठगी का शिकार हुए हैं, जो अब अपनी जमा पूंजी फंस जाने से बेहद परेशान हैं।
चंद्रशेखर प्रसाद साह लंबे समय से क्षेत्र में ठेकेदारी का काम कर रहा था। स्थानीय स्तर पर अच्छी पहचान और रसूख के कारण लोगों ने उस पर आसानी से भरोसा कर लिया। ठगी का शिकार होने वालों में आम ग्रामीणों के अलावा सरकारी कर्मचारी भी शामिल हैं। इनमें विकास कुमार (कनीय अभियंता, रामगढ़ प्रखंड) करीब 20 लाख रुपये ठगे जाने का आरोप।
जयप्रकाश (पंचायत सचिव) लगभग 13 लाख रुपये लेने की बात सामने आई है। इसके अलावा कई अन्य सरकारी कर्मियों, स्थानीय व्यवसायियों और ग्रामीणों से भी लाखों रुपये ऐंठे गए हैं।
पीड़ितों के अनुसार, जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगनी शुरू की तो ठेकेदार ने उन्हें बैंक चेक दे दिए। हालांकि, खाते में पर्याप्त राशि न होने के कारण सभी चेक बाउंस हो गए। इसके बाद भी वह भुगतान मिलने का आश्वासन देकर लोगों को टालता रहा।
जब पीड़ितों ने रकम वापसी का दबाव और बढ़ाया तो दुमका शहर में किराये के मकान में रह रहा आरोपी संवेदक अपना मकान खाली कर और मोबाइल बंद करके रातों-रात फरार हो गया। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश और मामले की गहनता से जांच में जुटी है।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822