देवघर समाहरणालय के समक्ष भाकपा माले ने एक दिवसीय उपवास रखकर प्रदर्शन किया। नेताओं ने सितंबर माह के बकाया राशन और पिछले 6-7 महीनों से रुकी वृद्धा व विधवा पेंशन का भुगतान दुर्गा पूजा से पहले करने की मांग की।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा-माले) की देवघर जिला कमेटी ने सोमवार को जिला समाहरणालय (डीसी कार्यालय) के समक्ष एक दिवसीय उपवास रखकर जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिले में बंद पड़े राशन वितरण और पिछले कई महीनों से बकाया वृद्धा, विधवा, दिव्यांग एवं मुख्यमंत्री सर्वजन पेंशन योजना की राशि के तुरंत भुगतान की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे भाकपा माले के जिला सचिव रघुपति पंडित ने कहा कि देवघर जिले में राशन वितरण प्रणाली की स्थिति अत्यंत जर्जर हो चुकी है। आधे से अधिक जिले में सितंबर माह का राशन लाभुकों को नहीं मिला है, जिससे गरीब परिवार भुखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं। दुर्गा पूजा जैसे बड़े त्योहार के समय भी गरीब अन्न के दाने-दाने को तरस रहे हैं।
उन्होंने मांग की कि सितंबर का बकाया राशन अक्टूबर के राशन के साथ तुरंत वितरित किया जाए। साथ ही, पिछले 6-7 महीनों से इंदिरा गांधी वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन और दिव्यांग पेंशन का भुगतान अटका हुआ है। पेंशन के लिए बुजुर्ग और असहाय महिलाएं बैंकों और सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। हमारी मांग है कि दुर्गा पूजा की महाअष्टमी से पहले सभी बकायों का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

वहीं, भाकपा माले की केंद्रीय कमेटी सदस्य सह जिला परिषद सदस्य गीता मंडल ने सरकार व प्रशासन पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा, देश में जिन नेताओं, विधायकों, सांसदों और अधिकारियों का वेतन लाखों में है, उन्हें समय पर भुगतान मिल जाता है, लेकिन समाज के सबसे निचले पायदान पर खड़े असहाय लोगों को उनकी 1000 रुपये की पेंशन के लिए भी तरसाया जा रहा है। राशन डीलर अनपढ़ गरीबों से अंगूठा लगवा लेते हैं लेकिन राशन नहीं देते, यह राशन की सीधी चोरी और अमानवीय कृत्य है।
उन्होंने चेतावनी दी कि प्रशासन या सरकार की इस लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उपवास के माध्यम से उपायुक्त (डीसी) से मांग की गई है कि गरीबों के बकाया राशन और पेंशन का भुगतान अगले तीन दिनों के भीतर कराया जाए, ताकि वे भी स्वाभिमान के साथ दुर्गा पूजा का त्योहार मना सकें।
.................................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822