कोल इंडिया लिमिटेड ने ठेका मजदूरों के दैनिक वेतन में संशोधन किया है। 1 अक्टूबर 2026 से नई दरें लागू होंगी, जानें किसे मिलेगा कितना वेतन


धनबाद। कोल इंडिया लिमिटेड ने देश भर की खदानों में काम करने वाले ठेका श्रमिकों के लिए बड़ी राहत का ऐलान किया है। महाप्रबंधक (मानव संसाधन) द्वारा जारी आदेश के अनुसार, ठेका श्रमिकों के दैनिक वेतन में संशोधन कर दिया गया है। बढ़ी हुई यह नई दरें 01 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक यानी अगले छह महीनों के लिए प्रभावी होंगी।

भारत सरकार के मुख्य श्रम आयुक्त द्वारा 30 सितंबर को जारी किए गए आदेश के अनुसार, औद्योगिक श्रमिकों का औसत उपभोक्ता मूल्य सूचकांक 424.80 से बढ़कर 431.42 हो गया है। इसी सूचकांक में हुई वृद्धि और ज्वाइंट कमेटी की सिफारिशों के आधार पर ठेका मजदूरों के वेरिएबल डियरनेस अलाउंस यानी महंगाई भत्ते में संशोधन किया गया है।

संशोधित आदेश के बाद अकुशल मजदूर को 1341 रुपये प्रतिदिन, अर्धकुशल / अकुशल सुपरवाइजरी को 1375 रुपये प्रतिदिन, कुशल मजदूर को 1409 रुपये प्रतिदिन और अतिकुशल मजदूर को: 1443 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से मिलेगा।

कोल इंडिया के इस फैसले से अनुषंगी कंपनियों जैसे भारत कोकिंग कोल लिमिटेड, सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड और ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड सहित अन्य क्षेत्रों में कार्यरत लाखों ठेका मजदूरों को सीधा वित्तीय लाभ मिलेगा। कोल इंडिया मुख्यालय, कोलकाता द्वारा इस आदेश की प्रतियां सभी संबंधित निदेशकों और सीएमडी को भेज दी गई हैं ताकि समय पर इसका अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके।