जसीडीह थाना क्षेत्र के मानिकपुर टोल टैक्स के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत। हादसे के बाद चालक फरार, पुलिस मृतक की पहचान और वाहन की तलाश में जुटी। पढ़ें पूरी खबर


जसीडीह । झारखंड के जसीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत मानिकपुर टोल टैक्स के समीप सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। अज्ञात तेज रफ्तार चार पहिया वाहन की जोरदार टक्कर से एक करीब 20 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। समाचार लिखे जाने तक मृत युवक की पहचान नहीं हो सकी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक युवक सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल पर सवार होकर जसीडीह की ओर से चकाई की तरफ जा रहा था। इसी दौरान मानिकपुर टोल टैक्स के पास पीछे से आ रहे एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने उसकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक अनियंत्रित होकर सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही जसीडीह थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जसीडीह पहुंचाया। हालांकि, वहां पहुंचते ही ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, मृतक के पास से ऐसा कोई भी पहचान पत्र (ID Card) या कागजात बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी शिनाख्त की जा सके। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पहचान कराने के लिए स्थानीय लोगों और आसपास के थानों की मदद लेनी शुरू कर दी है। इसके साथ ही, टोल टैक्स और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि फरार वाहन और उसके चालक का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822