पंडा धर्मरक्षिणी सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष चंद्र शेखर खवाड़े ने राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात कर बाबा मंदिर में पारदर्शिता और देवघर के भू-माफिया पर जांच के लिए ज्ञापन सौंपा।
कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।
पंडा धर्मरक्षिणी सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं भाजपा नेता चंद्र शेखर खवाड़े ने लोक भवन (रांची) में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने अपनी स्वलिखित पुस्तक "बाबा बैद्यनाथ धाम–दिव्य कथा" भेंट करने के उपरांत देवघर के जनहित से जुड़े दो प्रमुख मुद्दों पर विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
बाबा मंदिर व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग:
प्रथम ज्ञापन के माध्यम से बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर में प्रशासनिक पारदर्शिता और श्रद्धालु-हितैषी व्यवस्थाएं लागू करने की मांग की गई। इसमें मंदिर की आय-व्यय, दान व चढ़ावे की गणना सीसीटीवी की निगरानी में कराने, वार्षिक ऑडिट रिपोर्ट सार्वजनिक करने और अधिकारियों-कर्मचारियों की संपत्ति का नियमित सत्यापन कराने का आग्रह किया गया। इसके अतिरिक्त दान राशि से नि:शुल्क प्रसाद-भोजन (लंगर) व्यवस्था, पवित्र जल-पुष्प का वैज्ञानिक निस्तारण और कर्मचारियों के लिए ड्रेस कोड लागू करने जैसे सुझाव दिए गए।
भू-माफिया और दलाली तंत्र पर जांच की मांग:
द्वितीय ज्ञापन में देवघर जिले में सक्रिय भू-माफिया, अवैध कब्जे, दलाली और कॉरिडोर के नाम पर फैलाए जा रहे भ्रम पर गंभीर चिंता जताई गई। खवाड़े ने राज्यपाल से आग्रह किया कि कॉरिडोर की अफवाह फैलाकर औने-पौने दाम पर जमीन हड़पने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाए। साथ ही संदिग्ध चल-अचल संपत्तियों की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन करने और पीड़ितों को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की गई।
चंद्र शेखर खवाड़े ने स्पष्ट किया कि इन ज्ञापनों का मुख्य उद्देश्य मंदिर की गरिमा, श्रद्धालुओं की आस्था और आम जनता के अधिकारों की रक्षा करना है, ताकि देवघर में सुशासन और पारदर्शिता स्थापित हो सके।
..........................................................................................
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Mail - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822
