देवघर के बघनाडीह में अवैध सूदखोरी और दबंगई से परेशान पीड़ित परिवार ने पथरोल पुलिस पर अनदेखी का आरोप लगाया है। न्याय न मिलने पर मंत्री हफीजुल हसन के आवास पर धरने और आत्मदाह की चेतावनी दी है।

चंदन ठाकुर, मधुपुर (देवघर)

 देवघर जिले के पथरोल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बघनाडीह में भू-माफियाओं और अवैध सूदखोरों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि आम नागरिकों का जीना दूभर हो गया है। स्थानीय थाने में कोई सुनवाई न होने से आहत होकर एक पीड़ित परिवार ने झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री हफीजुल हसन के पैतृक आवास (मधुपुर) पर अनिश्चितकालीन धरना देने का बड़ा फैसला किया है। साथ ही न्याय न मिलने की स्थिति में सपरिवार आत्मदाह करने की चेतावनी भी दी है।

 

सूदखोरी और जमीन कब्जाने का गंभीर आरोप

पीड़ित परिवार के अनुसार, ग्राम बघनाडीह निवासी हरिहर मंडल (उर्फ हरि मंडल) पिता सीताराम मंडल और पिंटू कुमार मंडल पिता स्व. मसूदन मंडल क्षेत्र में अवैध ब्याज का धंधा चलाते हैं। ग्रामीणों को ऊंचे ब्याज के जाल में फंसाकर उनकी बेशकीमती जमीनें जबरन अपने नाम लिखवाने का गंभीर आरोप इन पर है। आरोप है कि पूर्व में भी सीधे-साधे लोगों को कर्ज के जाल में उलझाकर उनकी जमीनें हड़पी जा चुकी हैं।

 

रंगदारी वसूलने और जान से मारने की धमकी

जब पीड़ित परिवार ने अपनी पैतृक जमीन हरिहर मंडल के नाम करने से साफ इनकार कर दिया, तो उनके साथ मारपीट की गई। इसके बाद लालगढ़ निवासी सद्दाम शेख (पिता रहमतुल्लाह शेख, थाना मधुपुर) के माध्यम से पीड़ित और उनके भाई को रंगदारी देने का दबाव बनाया गया तथा विरोध करने पर जान से मारकर फेंक देने की धमकी दी गई है।

पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता से बढ़ा हौसला

पीड़ित परिवार का आरोप है कि उन्होंने स्थानीय पथरोल थाने में पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस की इस लचर कार्यप्रणाली और निष्क्रियता के कारण आरोपियों का मनोबल सातवें आसमान पर है और पूरा पीड़ित परिवार लगातार खौफ के साये में जीने को मजबूर है।

अनिश्चितकालीन धरना और आत्मदाह की चेतावनी

स्थानीय प्रशासन से न्याय की उम्मीद टूटने के बाद अब पीड़ित परिवार ने न्याय की गुहार लगाने के लिए अनूठा और कड़ा कदम उठाया है। परिवार ने कैबिनेट मंत्री हफीजुल हसन के मधुपुर स्थित पैतृक आवास पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की घोषणा की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि मंत्री स्तर से इस मामले में त्वरित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे 23 सितंबर 2026 को सपरिवार मंत्री आवास के सामने आत्मदाह करने को विवश होंगे।

 

पीड़ित परिवार की प्रमुख मांगें-


आरोपी हरिहर मंडल, पिंटू कुमार मंडल और धमकी देने वाले सद्दाम शेख पर तत्काल प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

पीड़ित परिवार को पुलिस सुरक्षा प्रदान करते हुए जान-माल की रक्षा सुनिश्चित की जाए।

इलाके में सक्रिय अवैध सूदखोरी और भू-माफियाओं के इस सिंडिकेट की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822