देवघर के जिला पुस्तकालय में जिला नियोजनालय द्वारा करियर काउंसलिंग-सह-रजिस्ट्रेशन कैंप का आयोजन किया गया। 220 से अधिक छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया और सफलता के गुर सीखे। पढ़ें पूरी खबर।

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर

 झारखंड सरकार के श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में मंगलवार (9 सितंबर) को जिला नियोजनालय, देवघर द्वारा देवघर टाउन हॉल स्थित जिला पुस्तकालय परिसर में एक दिवसीय करियर काउंसलिंग-सह-रजिस्ट्रेशन कैंप का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिलेभर से कुल 220 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सटीक लक्ष्य और अभिरुचि के अनुसार चुनें करियर: राहुल कुमार

कार्यक्रम के दौरान जिला नियोजन पदाधिकारी राहुल कुमार ने छात्र-छात्राओं की करियर काउंसलिंग करते हुए उन्हें महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई के शुरुआती दौर से ही अपने करियर के प्रति सजग रहना चाहिए। युवाओं को अपनी रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुरूप ही अपने कार्यक्षेत्र एवं लक्ष्य का निर्धारण करना चाहिए तथा निरंतर अभ्यास के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने के लिए छात्रों को कई उपयोगी और व्यावहारिक टिप्स भी दिए। इसके साथ ही उन्होंने श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग द्वारा युवाओं के लिए चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

छात्रों ने पूछे सवाल, दूर हुई भविष्य की उलझनें

काउंसलिंग सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने अपने करियर से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका जिला नियोजन पदाधिकारी ने सरल और प्रभावी तरीके से समाधान किया। इस दौरान उपस्थित विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को बेहद ज्ञानवर्धक और उपयोगी बताया। छात्रों का कहना था कि इस कैंप से उन्हें अपने भविष्य के लिए सही दिशा चुनने और रोजगार के अवसरों को समझने में काफी मदद मिलेगी।

इस आयोजन को सफल बनाने में जिला नियोजनालय के कर्मी चंदन कुमार, प्रदीप रजक और चंदन रजक की भी सक्रिय भूमिका रही, जिन्होंने पूरी व्यवस्था का संचालन किया।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822