देवघर भाजपा जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष सचिन रवानी की अध्यक्षता में कार्यशाला आयोजित हुई। इसमें 17 सितंबर से शुरू होने वाले 14 दिवसीय सेवा कार्यक्रमों और 11 सितंबर को हेमंत सरकार के खिलाफ प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन की रणनीति तय की गई।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला कार्यालय, देवघर में जिलाध्यक्ष सचिन रवानी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी 17 सितंबर को जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों तथा सार्वजनिक जीवन में उनके 25 वर्षों के 'सेवा और समर्पण' को लेकर रूपरेखा तैयार की गई। इसके साथ ही, राज्य सरकार की नीतियों के विरोध में 11 सितंबर को जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाले धरना-प्रदर्शन की रणनीति पर चर्चा हुई।
कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय एवं जिला प्रभारी रघुनंदन पाठक उपस्थित रहे।
17 सितंबर से महीने भर चलेंगे 14 प्रकार के कार्यक्रम

कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा और समर्पण के उपलक्ष्य में भाजपा कार्यकर्ता 17 सितंबर से महीने भर तक 14 विभिन्न प्रकार के सामाजिक व जनसेवा के कार्यक्रम करेंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान का पहला कार्यक्रम 'आशीर्वाद का दिया' होगा, जिसके तहत हर घर में दीया जलाया जाएगा। दूसरा प्रमुख कार्यक्रम '25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत' होगा, जिसके अंतर्गत बच्चों के लिए शिक्षा, चित्रकला (ड्राइंग) और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा नमो सेवा गाथा, आंगन का उत्सव, कहानी बदलाव की, विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति यात्रा (वडनगर से वाराणसी), सेवा मेरा योगदान, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज और पंचायत से पार्लियामेंट तक 'जनसेवक महाकुंभ' जैसे कई आयोजन होंगे।
11 सितंबर को हेमंत सरकार के खिलाफ प्रदर्शन
कर्मवीर सिंह ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में छात्र-छात्राओं के साथ अन्याय हो रहा है। चाहे नौकरी बेचने का मामला हो या जेपीएससी और जेएसएससी पेपर लीक की घटनाएं, सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। आंदोलन कर रहे छात्रों पर झूठे मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए, तो 11 सितंबर को देवघर सहित राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर भाजपा जोरदार धरना-प्रदर्शन करेगी।
राष्ट्र प्रथम की भावना से काम कर रही भाजपा: बालमुकुंद सहाय
प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सेवा भावना और 'राष्ट्र प्रथम' के सिद्धांत पर कार्य करते हैं। मोदी सरकार ने धारा 370 की समाप्ति, भव्य राम मंदिर का निर्माण और तीन तलाक की समाप्ति जैसे ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। इसके अलावा लंबी सड़कों का निर्माण, एम्स, मेडिकल कॉलेज और रेलवे के विकास से देश को आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ाया है।
झारखंड में भ्रष्टाचार का बोलबाला: सचिन रवानी
जिलाध्यक्ष सचिन रवानी ने कहा कि संगठन में ही शक्ति है और संगठन के दम पर ही भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का मुंहतोड़ जवाब देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड आज भ्रष्टाचार के आकंठ में डूबा है और देवघर जिले में सरकार के मंत्री व जनप्रतिनिधि लूट में व्यस्त हैं।

इस अवसर पर जिला प्रभारी अभिनंदन पाठक, पूर्व विधायक नारायण दास, राज परिवार, प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य सुनील मिश्रा, संजीव राजवाड़े, विशाखा सिंह, संजय यादव, जिला उपाध्यक्ष अधीर चंद्र भैया, पप्पू यादव, पंकज सिंह भदौरिया, विजय सिंह, मुकेश पाठक, जिला महामंत्री अभयारण झा, सुनीता सिंह, जिला मंत्री मनोज मिश्रा, सुलोचना देवी, जयकांत मंडल, कोषाध्यक्ष सचिन सुल्तानिया, आशीष दुबे, विश्वनाथ रवानी, रवींद्रनाथ तिवारी, नवल राय, महेश राय, बलवीर राय, बबलू पासवान, विपिन देव, विनीता पासवान, बलराम पोद्दार, दिनेश सोनी, धनंजय तिवारी सहित सभी मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822