देवघर के बम्पास टाउन में गणेश पूजा के दौरान हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने बाबा गिरोह के दो कुख्यात अपराधियों को किया गिरफ्तार। सोशल मीडिया पर ली थी गोलीकांड की जिम्मेदारी।

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

 देवघर नगर थाना क्षेत्र के बरियार बांधी स्थित बम्पास टाउन के समीप गणेश पूजा के दौरान हुई गोलीकांड की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में बाबा गिरोह के दो नामजद अभियुक्तों उज्जवल कुमार झा और अभय गिरी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

 

पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, गत 14-15 सितंबर 2026 की रात्रि को गणेश पूजा पंडाल के पीछे एक पार्टी का आयोजन किया गया था। इसी पार्टी के दौरान वादी चंदन यादव द्वारा अंकित झा उर्फ ब्रशली के कंधे पर हाथ रखने को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद अभय गिरी और उज्जवल झा ने पिस्टल से चंदन यादव पर फायरिंग कर दी, जिससे उनके जांघ में गोली लग गई और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे। घायल का इलाज कराने के बाद, दिनांक 02 अक्टूबर 2026 को नगर थाने में मामला दर्ज कराया गया।

 

सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर ली थी जिम्मेदारी

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया था। जांच में यह बात सामने आई कि बाबा गिरोह के सक्रिय सदस्यों के इशारे पर इलाके में दहशत कायम करने के लिए गिरफ्तार आरोपी उज्जवल कुमार झा ने सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर इस गोलीकांड की जिम्मेदारी ली थी।  अभय गिरी के खिलाफ नगर और मोहनपुर थाने में हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और मारपीट के लगभग 11 गंभीर मामले दर्ज हैं जबकि उज्जवल कुमार झा के खिलाफ भी हत्या और गंभीर धाराओं के तहत नगर और रिखिया थाने में मामले दर्ज हैं।

..........................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822