देवघर के सारठ थाना क्षेत्र से 5 साइबर अपराधी गिरफ्तार। फर्जी कस्टमर केयर और APK फाइल भेजकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश। पूरी खबर पढ़ें।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर:
देवघर पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस उपाधीक्षक श्री कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में गठित टीम ने छापेमारी कर 5 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई देवघर जिला के सारठ थाना क्षेत्र में की गई।
फर्जी कस्टमर केयर और APK फाइल भेजकर करते थे ठगी
पुलिस के अनुसार, ये साइबर अपराधी आम लोगों को ठगने के लिए अलग-अलग हथकंडे अपनाते थे। ये लोग फ्लिपकार्ट (FLIPKART), अमेज़ॅन पे (Amazon Pay), एयरटेल पेमेंट बैंक (Airtel Payment Bank), और गूगल पर फोनपे (PhonePe) के फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर लोगों को कैशबैक का झांसा देते थे। इसके अलावा, पीएम किसान योजना, बिजली बिल, आरटीओ चालान और अन्य अपडेट के नाम पर फर्जी APK फाइलें भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल कर लेते थे और बैंक खातों से पैसे उड़ा लेते थे। गिरफ्तार अपराधियों में लालचन महरा (27 वर्ष), पिता सागर महरा, साकिन- बरदही, थाना- पथरड्डा, उत्तम दास (28 वर्ष), पिता कर्तिक दास, साकिन- उपरटोला, थाना- पाथरौल, संदीप कुमार दास (19 वर्ष), पिता तहदी महरा, साकिन- गोबरशाला, थाना- पथरड्डा, बिकास कुमार दास (उम्र करीब 31 वर्ष), पिता- बिलास दास, साकिन- चरकमारा, थाना- सारठ और अशोक कुमार दास (35 वर्ष), पिता काशी दास, साकिन- चरकमारा, थाना- सारठ यानी सभी देवघर जिला के रहने वाले हैं।
छापामारी के दौरान पुलिस ने इनके पास से 5 मोबाइल फोन और 8 सिम कार्ड बरामद किए हैं। तकनीकी जांच में इनके जप्त मोबाइल नंबर और IMEI नंबरों के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज पाई गई हैं। उत्तम दास का पूर्व में भी साइबर थाना देवघर (कांड संख्या 67/2023 और 120/2025) में आपराधिक इतिहास रहा है। बिकास कुमार दास का भी पूर्व में देवघर साइबर थाना (कांड संख्या 37/20) में आपराधिक इतिहास रहा है।
इस छापामारी दल में पुलिस निरीक्षक ललित खलखो (साइबर थाना देवघर), पुलिस अवर निरीक्षक सह सारठ थाना प्रभारी दीपक कुमार साह और सारठ थाना की टीम शामिल थी।
..........................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822