सीजेआई न्यायमूर्ति सूर्यकांत के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, एयरपोर्ट से हाईकोर्ट गेस्ट हाउस, बाबा मंदिर और व्यवहार न्यायालय तक निर्धारित किया गया कारकेड रूट

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) न्यायमूर्ति सूर्यकांत के सोमवार को देवघर आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारियां पूरी कर ली हैं। उनके प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम को देखते हुए शहर में विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। एयरपोर्ट से हाईकोर्ट गेस्ट हाउस, बाबा बैद्यनाथ मंदिर और व्यवहार न्यायालय तक पहुंचने के लिए कारकेड का अलग-अलग मार्ग निर्धारित किया गया है। वहीं, आम लोगों को आवागमन में कम से कम परेशानी हो और वीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात बाधित न हो, इसके लिए शहर की यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है।

उपायुक्त के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी-सह-अनुमंडल दंडाधिकारी देवघर रवि कुमार ने यातायात प्रतिबंध और रूट डायवर्जन का आदेश जारी किया है। सीसीआर सह यातायात डीएसपी लक्ष्मण प्रसाद की ओर से भेजे गए प्रस्ताव के आलोक में जारी यह आदेश दो नवंबर को अपराह्न तीन बजे से रात नौ बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान वीआईपी कारकेड रूट पर ऑटो और टोटो का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही शहर में भारी वाहनों और व्यावसायिक बसों के प्रवेश पर भी रोक रहेगी। इनके लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

प्रशासन का कहना है कि यातायात व्यवस्था में यह बदलाव मुख्य न्यायाधीश के सुरक्षित और निर्बाध आवागमन के साथ आम नागरिकों की आवाजाही को व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से किया गया है।

एयरपोर्ट से हाईकोर्ट गेस्ट हाउस तक निर्धारित किया गया कारकेड रूट

मुख्य न्यायाधीश का कारकेड देवघर एयरपोर्ट से निकलकर एयरपोर्ट मोड़, कर्णकोल मोड़, पांडेय चाय दुकान, भारद्वाज पेट्रोल पंप, हथगढ़ मोड़, पुराना कुंडा थाना मोड़, नौलखा मंदिर मोड़, ठाढ़ी दुलमपुर मोड़ और सारवां मोड़ होते हुए केकेएन स्टेडियम बाइपास मोड़ पहुंचेगा। यहां से नटराज विहार होटल, बजरंगी चौक, राय कंपनी मोड़, टावर चौक, थाना मोड़, मस्जिद मोड़, एलआईसी मोड़, पुरनदाहा मोड़ और वीआईपी चौक होते हुए सत्संग स्थित हाईकोर्ट गेस्ट हाउस पहुंचेगा।

बाबा मंदिर दर्शन के लिए अलग मार्ग

हाईकोर्ट गेस्ट हाउस से बाबा बैद्यनाथ मंदिर जाने के लिए भी कारकेड का अलग मार्ग तय किया गया है। इसके तहत वीआईपी चौक, मस्जिद मोड़, थाना मोड़, कांग्रेस मोड़, पटेल चौक, जलसार मोड़, सब्जी मंडी मोड़, भारती होटल, सम्राट होटल और फुट ओवरब्रिज होते हुए कारकेड बाबा मंदिर के वीआईपी गेट तक पहुंचेगा।

मंदिर से वापसी के लिए सम्राट होटल, भारती होटल, जलसार मोड़, पटेल चौक, चांदन स्टैंड मोड़, बाजार मोड़, मस्जिद मोड़ और वीआईपी चौक होते हुए हाईकोर्ट गेस्ट हाउस पहुंचने का मार्ग निर्धारित किया गया है।

व्यवहार न्यायालय तक भी तय किया गया कारकेड का रास्ता

मुख्य न्यायाधीश के व्यवहार न्यायालय परिसर में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर भी यातायात और सुरक्षा संबंधी व्यवस्था की गई है। इसके तहत हाईकोर्ट गेस्ट हाउस से वीआईपी चौक, पुराना नगर निगम मोड़, आंबेडकर चौक और आरओबी के समीप से होते हुए कारकेड न्यायालय परिसर के गेट तक पहुंचेगा। कार्यक्रम में शामिल होने वाले वाहनों की पार्किंग के लिए देवघर अनुमंडलीय परिसर की खाली जगहों को चिह्नित किया गया है।

भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन, इन मार्गों पर रहेगी रोक

मुख्य न्यायाधीश के आगमन को देखते हुए शहर के विभिन्न प्रवेश मार्गों पर भारी वाहनों और व्यावसायिक बसों के परिचालन को नियंत्रित किया गया है। इसके लिए प्रशासन ने प्रमुख चौक-चौराहों पर निषेध और वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं।

चौपामोड़: भागलपुर और हंसडीहा की ओर से आने वाले सभी व्यावसायिक वाहन और बसें देवघर शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगी। इन्हें चौपामोड़ से हिण्डोलावरण, तीरनगर होते हुए सारवां के रास्ते भेजा जाएगा।

हिण्डोलावरण मोड़: इस मोड़ को पूर्ण प्रवेश निषेध क्षेत्र घोषित किया गया है। यहां से भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

उजाला चौक: हिण्डोलावरण की ओर से तपोवन होते हुए शहर आने वाली सभी भारी व्यावसायिक बसों का उजाला चौक से प्रवेश वर्जित रहेगा।

 कोठिया मोड़: सुल्तानगंज की ओर से आने वाले भारी वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा। इन्हें कनमटिया मोड़, रिखिया और मोहनपुर होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाना होगा।

प्रहलाद चौक: रांची और गिरिडीह की ओर से आने वाले सभी भारी वाहनों का प्रहलाद चौक से शहर की ओर प्रवेश बंद रहेगा।

रोहिणी शहीद द्वार: इस मार्ग से सभी प्रकार के भारी वाहनों का शहर में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

कोरियासा मोड़: यहां से सभी प्रकार के भारी वाहनों और व्यावसायिक बसों के शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी।

कर्णकोल मोड़: सारठ और सारवां की ओर से आने वाले भारी वाहनों को कर्णकोल मोड़ से शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

एयरपोर्ट मोड़: मधुपुर की ओर से आने वाले सभी प्रकार के भारी वाहनों का एयरपोर्ट मोड़ से आगे प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

जटाही मोड़: रांगा मोड़ और गिधनी की ओर से आने वाले भारी वाहनों एवं व्यावसायिक बसों का जटाही मोड़ से बरमसिया की ओर प्रवेश निषेध रहेगा।

यातायात पुलिस को निगरानी की जिम्मेदारी

छह घंटे तक लागू रहने वाली इस विशेष यातायात व्यवस्था के दौरान प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती और निगरानी की व्यवस्था की गई है। यातायात पुलिस को आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी गई है। भारी वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से परिचालित किया जाएगा, जबकि वीआईपी कारकेड रूट पर अपराह्न तीन बजे से रात नौ बजे तक ऑटो और टोटो नहीं चलेंगे।

जिला प्रशासन ने वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि में यातायात संबंधी आदेशों का पालन करें, प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन में सहयोग करने की अपील की है, ताकि मुख्य न्यायाधीश का देवघर भ्रमण कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुगम तरीके से संपन्न हो सके।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822