पंचम राज्य वित्त आयोग की अनुशंसा पर 49 शहरी निकायों को 5.31 करोड़ का अनुदान, देवघर, रामगढ़ और धनवार के लिए भी स्वीकृत हुई राशि

कंचन क्रांति न्यूज, रांची।

झारखंड के शहरी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को गति देने के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग ने करीब 21 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति दी है। इसमें देवघर नगर निगम के लिए चार करोड़ रुपये की योजनाएं शामिल हैं। इस राशि से शहर में स्ट्रीट लाइट लगाने के साथ निगम के लिए नए वाहनों और आवश्यक उपकरणों की खरीद की जाएगी। वहीं, पंचम राज्य वित्त आयोग की अनुशंसा पर राज्य के 49 शहरी स्थानीय निकायों को कुल 5.31 करोड़ रुपये का अनुदान भी स्वीकृत किया गया है।

विभाग की ओर से जारी अलग-अलग कार्यालय आदेशों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए रांची नगर निगम को 7.97 करोड़ रुपये, देवघर नगर निगम को चार करोड़ रुपये, रामगढ़ नगर परिषद को 2.25 करोड़ रुपये और धनवार नगर पंचायत को 1.34 करोड़ रुपये की योजनाओं की मंजूरी मिली है। इस संबंध में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने कार्यालय आदेश जारी किया है।

देवघर नगर निगम में स्ट्रीट लाइट और वाहनों पर खर्च होंगे चार करोड़

देवघर नगर निगम को नागरिक सुविधा मद के अंतर्गत चार करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस राशि से शहर में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे। योजना के तहत 2.10 करोड़ रुपये निगम के लिए वाहन और आवश्यक उपकरणों की खरीद पर खर्च किए जाएंगे। वहीं, शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए 1.90 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इस योजना के लागू होने से शहरी क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने और नगर निगम की कार्यक्षमता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

पंचम राज्य वित्त आयोग से 49 शहरी निकायों को 5.31 करोड़

पंचम राज्य वित्त आयोग की अनुशंसा के आधार पर झारखंड के 49 शहरी स्थानीय निकायों को कुल 5.31 करोड़ रुपये का अनुदान स्वीकृत किया गया है। यह राशि दो श्रेणियों में विभाजित की गई है। इसका उपयोग संविधान की 12वीं अनुसूची में शामिल शहरी विकास एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों के लिए किया जा सकेगा।

अन्य सब-प्लान (ओएसपी) क्षेत्र: इस श्रेणी में 25 शहरी निकायों को कुल 2.83 करोड़ रुपये मिलेंगे। इनमें धनबाद नगर निगम को सर्वाधिक लगभग 1.04 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसके अलावा रामगढ़ नगर परिषद को करीब 19.19 लाख रुपये और गिरिडीह नगर निगम को लगभग 18.27 लाख रुपये दिए गए हैं।

जनजातीय उप-योजना (टीएसपी) क्षेत्र: इस श्रेणी में 24 शहरी निकायों के लिए कुल 2.47 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इनमें रांची नगर निगम को सबसे अधिक करीब 86.86 लाख रुपये, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति को लगभग 48.93 लाख रुपये और मानगो नगर निगम को करीब 16.26 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं।

रांची में सड़क का होगा सौंदर्यीकरण, रामगढ़ और धनवार में भी विकास कार्य

रांची नगर निगम क्षेत्र में कचहरी चौक से नए ऑफिस चौक होते हुए चंद्रशेखर आजाद चौक तक सड़क के सौंदर्यीकरण एवं नवीनीकरण के लिए 7.97 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। इसमें लगभग 3.21 करोड़ रुपये सड़क की पुनर्सतह और नवीनीकरण पर खर्च किए जाएंगे। वहीं, हार्डस्केप एवं सॉफ्टस्केप विकास कार्यों के लिए करीब 3.03 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। इस योजना का क्रियान्वयन झारखंड अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड (जुडको) करेगी।

इसी क्रम में रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए 2.25 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। वहीं, धनवार नगर पंचायत क्षेत्र में एसजेकेवीवाई कार्यालय के निकट स्थित तालाब के जीर्णोद्धार के लिए 1.34 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी दी गई है।

इन स्वीकृतियों के माध्यम से राज्य के विभिन्न शहरी निकायों में सड़क, प्रकाश व्यवस्था, आधारभूत संरचना और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822