‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ के नारे के साथ केंद्र सरकार पर विपक्ष का हमला, राहुल-प्रियंका और खड़गे के आह्वान पर जुटे कांग्रेस व सहयोगी दलों के नेता
रविशंकर सिंह, दिल्ली।
नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की महारैली में उमड़ी भारी भीड़ ने विपक्ष के शक्ति प्रदर्शन को नई राजनीतिक धार दे दी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के आह्वान पर आयोजित इस महारैली में देशभर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और सहयोगी दलों के नेताओं ने हिस्सा लिया। ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ और ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारों से रामलीला मैदान गूंजता रहा। रैली में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
महारैली में उमड़ी भीड़ का आलम यह था कि रामलीला मैदान में पैर रखने तक की जगह नहीं बची। आसपास की सड़कों पर भी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी आवाजाही के कारण यातायात प्रभावित हुआ। कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए जनआंदोलन बताते हुए केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। मंच से राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव समेत विपक्षी दलों के नेताओं ने चुनावी प्रक्रिया और निर्वाचन व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। नेताओं ने अपने संबोधन में लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा का मुद्दा उठाया।
ऊंचाहार से हजारों कार्यकर्ताओं पहुंचे रैली में
इस महारैली में उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले की भागीदारी भी खास रही। कांग्रेस प्रदेश सचिव एवं ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र के नेता अतुल सिंह अपने क्षेत्र के विभिन्न ब्लॉकों से हजारों कार्यकर्ताओं को बसों के माध्यम से लेकर दिल्ली पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ महारैली में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उनके साथ पहुंचे कार्यकर्ताओं ने भी केंद्र सरकार के खिलाफ आयोजित इस राजनीतिक प्रदर्शन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
रायबरेली के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिखाई एकजुटता
रायबरेली से जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पंकज तिवारी, नगर अध्यक्ष धीरज श्रीवास्तव, अनिरुद्ध दीक्षित, सतीश सिंह, रवि सिंह, जसवंत सिंह, संजय श्रीवास्तव, मनीष सोनकर, रामदत्त पांडेय, मनोज कुमार मिश्र, कप्तान सिंह, केशरी तिवारी, आशीष यादव, सुशील कुमार, अनुराग गुप्ता, आलोक सिंह, मनोज कुमार, अनुज सिंह, कांग्रेस नेता साधना सिंह और सरेनी की पूर्व प्रत्याशी श्रीमती सुधा द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे।
इसके अलावा कांग्रेस नेता रघुवेंद्र सिंह पंकज, विनोद प्रताप सिंह समेत जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए हजारों कार्यकर्ताओं ने महारैली में सहभागिता की। रायबरेली और ऊंचाहार से पहुंचे कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने रैली में जिले की राजनीतिक भागीदारी को प्रमुखता से रेखांकित किया।
विपक्ष ने एक मंच से दिया राजनीतिक एकजुटता का संदेश
रामलीला मैदान की इस महारैली में कांग्रेस के साथ सहयोगी दलों के नेताओं की मौजूदगी को विपक्षी एकजुटता के प्रदर्शन के तौर पर देखा गया। नेताओं ने अपने संबोधन में चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता, मतदाता सूची और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को उठाया। वहीं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ के नारे के साथ अपने अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
महारैली में उमड़ी भीड़ और विभिन्न राज्यों से पहुंचे कार्यकर्ताओं की भागीदारी ने यह संकेत दिया कि कांग्रेस इस मुद्दे को देशव्यापी राजनीतिक अभियान के रूप में आगे बढ़ाना चाहती है। रायबरेली से पहुंचे नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी इस अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी के जरिए संगठनात्मक एकजुटता का संदेश दिया।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822