देवघर पुलिस ने मधुपुर के एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया। आरोपी फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी और बैंककर्मी बनकर लोगों से ठगी करता था। तीन मोबाइल और तीन सिम बरामद।

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

देवघर पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी पर फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि और बैंक अधिकारी बनकर लोगों को ठगी का शिकार बनाने का आरोप है। पुलिस ने उसके पास से तीन मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद किए हैं। आरोपी की गिरफ्तारी 8 नवंबर को की गई।

देवघर के पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की। सूचना मिली थी कि मधुपुर थाना क्षेत्र में कुछ साइबर अपराधी फर्जी तरीके अपनाकर आम लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ये अपराधी खुद को Flipkart और Amazon का कस्टमर केयर प्रतिनिधि, Airtel Payment Bank का अधिकारी तथा Google पर PhonePe कस्टमर केयर प्रतिनिधि बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसकी पहचान दीपक कुमार दास (24 वर्ष), पिता जुगल दास, निवासी आमतल्ला भेड़वा, थाना मधुपुर, जिला देवघर के रूप में हुई है। आरोपी के पास से बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में उसकी संलिप्तता सामने आई है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से तीन मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद किए हैं। छापेमारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक अशोक कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक संदीप कुमार भगत, मधुपुर थाना के सशस्त्र बल, साइबर थाना देवघर के पुलिस निरीक्षक अजय कुमार तथा अन्य सशस्त्र बल शामिल थे।

………………………………………………………………………………………..

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office  - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822