देवघर डीसी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में फसल बीमा, बिजली बिल और बैंकिंग समस्याओं पर अधिकारियों को दिए गए कड़े निर्देश। कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट हुआ समाधान। पूरी खबर पढ़ें कंचन क्रांति न्यूज़ पर।
कंचन क्रांति न्यूज़, देवघर।
जिलावासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और निष्पादन को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने भू-अर्जन व मुआवजा भुगतान, झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, पेंशन, आवास और राशन कार्ड से जुड़ी अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने सभी की समस्याएं एक-एक कर गंभीरता से सुनीं और आश्वस्त किया कि प्राप्त शिकायतों की जांच कराकर जल्द से जल्द उनका समाधान किया जाएगा। जनता दरबार के दौरान राशन कार्ड में नाम जोड़ने, मंईयां सम्मान योजना, पेंशन एवं राजस्व से जुड़े कई मामलों का संबंधित विभागों द्वारा ऑन-द-स्पॉट निराकरण भी किया गया।
फसल बीमा, बिजली बिल और बैंकिंग समस्याओं पर विशेष फोकस :
जनता दरबार के दौरान उपायुक्त ने देवीपुर प्रखंड के अंतर्गत फसल बीमा योजना से जुड़ी शिकायतों को अत्यंत गंभीरता से लिया। उन्होंने जिला कृषि पदाधिकारी को इस मामले की गहन जांच कर जल्द रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया, ताकि किसानों को उनका हक समय पर मिल सके।
इसके साथ ही, उपभोक्ताओं को बिजली बिलों में आ रही त्रुटियों और समस्याओं से राहत दिलाने के लिए विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता को विशेष कैंप आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। इन कैंपों के माध्यम से आम जनता के गलत बिजली बिलों को मौके पर ही सुधारा जाएगा। वहीं, बैंकों से जुड़ी समस्याओं और आम जनता को हो रही परेशानियों को देखते हुए उपायुक्त ने लीड बैंक मैनेजर (LDM) को विशेष हिदायत दी है कि वे बैंक संबंधित मामलों के निदान पर विशेष ध्यान दें ताकि ग्राहकों को अनावश्यक चक्कर न काटने पड़ें।
अधिकारियों को सख्त निर्देश:
विभिन्न विभागों से आए अन्य मामलों पर सुनवाई करते हुए उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि जनसमस्याओं के निवारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी संवेदनशीलता के साथ तय समय-सीमा के भीतर शिकायतों का निपटारा करें और त्वरित कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय को समर्पित करें।
...........................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822