देवघर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने मत्स्य, पशुपालन व गव्य विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक की। लाभुक चयन में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी।

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

समाहरणालय सभागार में गुरुवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में मत्स्य, पशुपालन एवं गव्य विकास विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान उपायुक्त ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की बारीकी से समीक्षा की।

इस दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि मत्स्य पालन, पशुधन और गव्य विकास ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने तथा किसानों की आय बढ़ाने के मुख्य स्तंभ हैं। इसलिए इन योजनाओं का लाभ सीधे धरातल पर अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए।

जल निकायों का उपयोग और नस्ल सुधार पर जोर

बैठक में जिले के जल निकायों का समुचित उपयोग कर मत्स्य उत्पादन बढ़ाने, पशुओं के शत-प्रतिशत टीकाकरण, नस्ल सुधार और दुग्ध समितियों को अधिक सक्रिय बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभुक इनसे जुड़ सकें।

विभागीय योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा

मत्स्य विभाग: वेद व्यास आवास योजना, विपणन योजना (पिकअप वैन एवं विपणन किट), मत्स्य बीज उत्पादन-वितरण, सरकारी तालाबों की बंदोबस्ती तथा जीर्णोद्धार कार्यों की समीक्षा की गई।

पशुपालन विभाग: सुकर विकास, बकरा विकास, कुक्कुट पालन और ब्रायलर कुक्कुट पालन योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया गया।

गव्य विकास विभाग: दुधारू गाय योजना, डीप बोरिंग, वर्मी कंपोस्ट, पशु बीमा, चाफ कटर तथा पनीर एवं खोवा यूनिट स्थापना जैसी योजनाओं की समीक्षा की गई।

लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

 उपायुक्त ने पशुधन की मृत्यु दर और बीमा दावों की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि पशुपालकों को बीमा योजना का लाभ ससमय मिले। उन्होंने अधिकारियों को सख्त लहजे में कहा कि योजनाओं के लाभुक चयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने निर्देश दिया कि विभागवार प्राप्त लक्ष्यों को प्रखंड स्तर पर पंचायतों और जनसंख्या के आधार पर समान रूप से वितरित किया जाए। साथ ही विभागीय अधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण करने का आदेश दिया ताकि पारदर्शी तरीके से योग्य लाभुकों का चयन सुनिश्चित हो सके।

 समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त (DDC) श्री पीयूष सिन्हा, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, गव्य विकास पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी मुख्य रूप से उपस्थित थे।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822