देवघर जिला क्रिकेट संघ की ओर से आयोजित ए डिवीजन क्रिकेट लीग का शुभारंभ करते एसपी प्रवीण पुष्कर ।
देवघर जिला ए डिवीजन क्रिकेट लीग का आगाज, एसपी प्रवीण पुष्कर ने किया प्रतियोगिता का उद्घाटन, मां मनसा ने कैंट को 58 रनों से हराया
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
देवघर में स्थानीय क्रिकेट प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का एक और मंच मिल गया है। देवघर जिला क्रिकेट संघ की ओर से आयोजित ए डिवीजन क्रिकेट लीग का शुभारंभ मंगलवार को पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने विधिवत रूप से किया। उद्घाटन समारोह में उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर अवसर और मंच उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने जिला क्रिकेट संघ के प्रयासों की सराहना की और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए संघ को धन्यवाद दिया।
एसपी ने जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों को संगठन को और मजबूत बनाने तथा स्थानीय क्रिकेट को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि क्रिकेट और खिलाड़ियों के विकास के लिए जहां तक संभव होगा, वे हरसंभव सहयोग करने का प्रयास करेंगे। इस दौरान उन्होंने वर्तमान में रणजी ट्रॉफी में खेल रहे देवघर के तेज गेंदबाज सौरभ शेखर और प्रत्यूष कुमार को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर प्रतिभाओं को अवसर मिलने से ही खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकते हैं।
प्रशांत और लक्ष्य की तूफानी बल्लेबाजी, मां मनसा ने खड़ा किया 207 रनों का स्कोर
लीग के उद्घाटन मुकाबले में कैंट और मां मनसा ए की टीम आमने-सामने थीं। मुकाबले में मां मनसा ए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कैंट को 58 रनों से पराजित कर जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए मां मनसा ए की टीम ने 26.3 ओवर में 207 रन बनाए। टीम की ओर से प्रशांत राजभर ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 27 गेंदों में 68 रन ठोक दिए। वहीं लक्ष्य ने भी तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी की और केवल 17 गेंदों में 53 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों की तेजतर्रार पारियों ने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
कैंट की ओर से गेंदबाजी करते हुए सोनू गुप्ता ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उन्होंने चार ओवर में 17 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए।
अबू बकर की घातक गेंदबाजी, पांच विकेट लेकर दिलाई जीत
208 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैंट की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और 26 ओवर में 149 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। कैंट की ओर से रुद्र ने संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों में 42 रन बनाए, लेकिन वह टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके।
मां मनसा ए की जीत में गेंदबाज अबू बकर की भूमिका निर्णायक रही। उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए सात ओवर में महज 19 रन देकर पांच विकेट झटके। उनकी घातक गेंदबाजी के सामने कैंट के बल्लेबाज टिक नहीं सके। इस तरह मां मनसा ए ने 58 रनों से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
उद्घाटन समारोह में मौजूद रहे क्रिकेट संघ के पदाधिकारी

उद्घाटन समारोह में जिला क्रिकेट संघ के सचिव विजय झा के अलावा राजेश कुमार, संजय मालवीय, वीरेंद्र सिंह, इफ्तिखार शेख, राजेश सिंगारी, सुभाष मिश्रा, अमित चरण द्वारी, पंकज ज्ञानशाही, सनी सान्याल, मोहित मिश्रा, किशन फलाहारी, शैलेश, अभिषेक आनंद सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
मैच में राज्य पैनल के अंपायर इफ्तिखार शेख और अभिषेक आनंद ने निर्णायक की भूमिका निभाई, जबकि अभय वर्मा ने स्कोरर की जिम्मेदारी संभाली।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822