• बालक वर्ग में देवघर फाइटर और बालिका वर्ग में आर. मित्रा ने हासिल किया प्रथम स्थान
  • विजेता टीमों को 11-11 हजार और उपविजेता टीमों को 5-5 हजार रुपये देने की घोषणा

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

देवघर जिला कबड्डी संघ के तत्वावधान में आयोजित जिलास्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता-2026 में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता में बालक वर्ग की 10 और बालिका वर्ग की 10 टीमों सहित कुल 20 टीमों ने हिस्सा लिया। विभिन्न मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने दमखम, अनुशासन, टीम भावना और खेल कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के बालक वर्ग में देवघर फाइटर ने खिताब अपने नाम किया, जबकि बालिका वर्ग में आर. मित्रा, देवघर की टीम विजेता बनी।

बालक वर्ग में देवघर फाइटर ने मारी बाजी

बालक वर्ग के मुकाबलों में देवघर फाइटर की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, एनपीएचएस, बांदाजोरी, सारवां की टीम दूसरे स्थान पर रही। मोहनपुर और मित्रया किड्स, देवघर की टीमों ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के दौरान टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला और खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

बालिका वर्ग में आर मित्रा की शानदार जीत

बालिका वर्ग में आर. मित्रा, देवघर की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए एनपीएचएस, बांदाजोरी, सारवां की टीम को 20-13 के स्कोर से पराजित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। एनपीएचएस, बांदाजोरी, सारवां की टीम उपविजेता रही, जबकि एनपीएचएस-2, बांदाजोरी, सारवां ने तीसरा स्थान हासिल किया।

खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए नकद पुरस्कार की घोषणा

प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष एवं जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष डॉ. सुनील खवाड़े ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि कबड्डी जैसे खेल युवाओं में अनुशासन, साहस, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास करने और जिला, राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर देवघर का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर डॉ. खवाड़े ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नकद पुरस्कारों की घोषणा की। इसके तहत बालक और बालिका वर्ग की विजेता टीमों को 11-11 हजार रुपये तथा दोनों वर्गों की उपविजेता टीमों को 5-5 हजार रुपये देने की घोषणा की गई।

उन्होंने कहा कि जिले में कबड्डी को बढ़ावा देने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर देने के लिए जिला ओलंपिक संघ और जिला कबड्डी संघ हरसंभव सहयोग करेंगे। खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की इच्छा रखने वाले बच्चों को आर्थिक परेशानियों के कारण पीछे नहीं रहना पड़ेगा। संघ ऐसे खिलाड़ियों को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराने का प्रयास करेगा।

खेल पदाधिकारियों और गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति

इस अवसर पर देवघर जिला कबड्डी संघ के सचिव धर्मेंद्र देव, जिला ओलंपिक संघ एवं जिला खेल प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संजय मालवीय, वीरेंद्र सिंह, जिला ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष नवीन शर्मा, आशुतोष कुमार, जिला खेल समन्वयक (डीएससी) ललित कुमार झा, अशरफ अली खान, कौशल कुमार सिंह, अमित कुमार, रोहित कुमार मिश्रा, विक्रम कुमार, शिल्पा कुमारी, नितेश कुमार झा और राजकुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं खिलाड़ी उपस्थित थे।

प्रतियोगिता के आयोजन से जिले में कबड्डी के प्रति खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा। साथ ही, विजेता टीमों के प्रदर्शन और खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा से जिले में इस खेल को आगे बढ़ाने की उम्मीद भी मजबूत हुई।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822