देवघर में श्रावणी मेले के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन चेकिंग अभियान। घोरमारा में पेड़ा दुकानों की जांच के साथ लीगल सैंपल लिए गए, बाघमारा में 3 किलो मिलावटी हल्दी कराई गई नष्ट।

 

कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी के निर्देशानुसार श्रावणी मेला-2026 के अवसर पर श्रद्धालुओं और आम उपभोक्ताओं को स्वच्छ व गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से सघन जांच अभियान चलाया गया। विभाग की गठित टीमों ने घोरमारा और आईएसबीटी बाघमारा बस स्टैंड क्षेत्र में छापेमारी कर दुकानों और भोजनालयों का निरीक्षण किया।

 

अभियान के दौरान प्रसिद्ध घोरमारा क्षेत्र की लगभग 25 पेड़ा दुकानों की जांच की गई, जिनमें मां गंगा पेड़ा भंडार, ललित, प्रियंका, सुधा, गुड्डू और ओम पेड़ा भंडार प्रमुख हैं। टीम ने सुखाड़ी मंडल एवं श्री गोवर्धन पेड़ा दुकान से पेड़ा के दो विधिक नमूने (Legal Samples) संग्रह कर प्रयोगशाला जांच हेतु भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद अग्रतर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

दुकान बंद कर भागने वालों को सील करने की चेतावनी

निरीक्षण के दौरान यह बात सामने आई कि टीम को देखते ही कुछ पेड़ा संचालक दुकानें बंद कर भागने का प्रयास करते हैं। इस पर विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में जांच से बचने के लिए दुकान बंद करने पर संबंधित प्रतिष्ठान को तुरंत सील कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, अधिकतर दुकानों में FSSAI लाइसेंस पाया गया और जिनके पास नहीं था, उन्हें जल्द से जल्द पंजीकरण कराने का निर्देश दिया गया।

 

बाघमारा बस स्टैंड पर 3 किलो मिलावटी हल्दी नष्ट

उधर, आईएसबीटी बाघमारा बस स्टैंड क्षेत्र के लगभग 18 भोजनालयों में सॉस, अचार, मसाले, पापड़ और खाद्य तेल की ऑन-द-स्पॉट जांच की गई। इस दौरान होटल राज प्रियांश और अनुराग होटल में इस्तेमाल की जा रही हल्दी में मिलावट की पुष्टि हुई। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर ही 3 किलोग्राम मिलावटी हल्दी को नष्ट करा दिया गया। इसके अलावा सुखाड़ी गार्डन और रूबी रेस्त्रां में पनीर व मसालों की जांच की गई, जो प्रथम दृष्टया संतोषजनक पाई गई।

……………………………………………………………..

Deoghar Food Safety Raid, Ghormara Peda Shop Inspection, Deoghar News, Shravani Mela 2026 Food Checking, FSSAI Deoghar, देवघर समाचार, खाद्य सुरक्षा अभियान