देवघर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने 44 दुकानों और रेस्टोरेंटों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों की जांच की। मिलावट के संदेह में इलायची दाना का सैंपल रांची लैब भेजा गया।
कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।
जिले में मिलावटी और दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकंजा कस दिया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी के निर्देश पर गठित विशेष टीमों ने शनिवार को शहर के भुरभुरा मोड़, नंदन पहाड़, हदहादिया पुल और बरमसिया क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान कुल 44 होटल, रेस्टोरेंट, मिष्ठान भंडार और किराना दुकानों के किचन एवं स्टॉक की स्वच्छता तथा खाद्य गुणवत्ता की जांच की गई।
जांच टीम ने दिनेश नाश्ता दुकान, चरपाई रेस्टोरेंट, जीविका फास्ट फूड, बनारसी चाट भंडार, मां लक्ष्मी मिष्ठान भंडार, गोरे लाल यादव पेड़ा और प्रतीक ट्रेडर्स सहित दर्जनों दुकानों का औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान ऑन-द-स्पॉट 47 प्राथमिक सैंपलों की जांच की गई, जो मानक के अनुरूप सही पाए गए।
स्टार्च व अखाद्य रंगों की हुई जांच, रांची भेजी गई सैंपल रिपोर्ट
टीम ने विभिन्न दुकानों से हल्दी, मिर्च पाउडर, खोया, पनीर, पेड़ा, लड्डू, रसगुल्ला, चटनी और बने हुए भोजन (दाल, सब्जी, चोखा) में अखाद्य रंगों और स्टार्च की मिलावट की पड़ताल की। इस दौरान संदिग्ध पाए गए इलायची दाना के नमूने को विस्तृत रासायनिक परीक्षण के लिए राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला, नामकुम (रांची) भेजा गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सभी कारोबारियों को एफएसएसएआई (FSSAI) के स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने की सख्त चेतावनी दी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ आगे भी यह छापेमारी अभियान जारी रहेगा।
...........................................................................................
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822